विज्ञान प्रदर्शनी में महथा के छात्र हुए चयनित
विज्ञान प्रदर्शनी में महथा के छात्र हुए चयनित
जे टी न्यूज़, मधुबनी :

लदनियां प्रखंड के महथा गांव स्थित उत्कृष्ट मध्यविद्यालय के प्रांगण में प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ राकेश कुमार ठाकुर, प्रेमनाथ गोसाई, रंजीत यादव, परमेश्वर यादव, सुप्रिया यादव, जूही कुमारी आदि ने संयुक्त रूप से किया। छात्रों ने अपना-अपना स्टाॅल लगाया। चयन समिति के सदस्यों के द्वारा बेहतर प्रदर्शों का चयन किया गया। इसमें मध्यविद्यालय महथा के छात्रों ने बाजी मारी। सभी पुरस्कारों पर महथा के छात्रों का कब्जा रहा।
संचालन कर रहे श्री गोसाई ने बताया कि छात्र अभिषेक यादव, करण चौधरी, सरोज मंडल, आयुष कुमार दास व सौरभ कुमार यादव के द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट क्रमश: एंटी स्लीप अलार्म, अल्ट्रासोनिक हेल्मेट, केशिकख गमला, इकोफ्रेंडली सब्जी फ्रीज व आलू मिनी कोल्ड स्टोर का चयन किया गया। संबंधित छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
छात्रों का हौसलाअफजाई करते हुए बीडीओ राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि विज्ञान का जन्म कल्पना पर आधारित होता है। कल्पना का साकार स्वरूप ही विज्ञान कहलाता है। विज्ञान सम्मत हमारा जीवन पूरी तरह विज्ञान पर निर्भर है।
उन्होंने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जल जीवन हरियाली पर जोर देने की बात कही। उन्होंने आयुर्वेद के महत्व को भी समझाया।
मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।

