सर्वहारा वर्ग की सत्ता की कामना के साथ सीपीआई का शताब्दी स्थापना दिवस समारोह संपन्न
सर्वहारा वर्ग की सत्ता की कामना के साथ सीपीआई का शताब्दी स्थापना दिवस समारोह संपन्न

जे टी न्यूज, समस्तीपुर/रोसड़ा:
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का शताब्दी स्थापना दिवस सह नवीकरण समारोह संत कबीर चिल्ड्रन एकेडमी, रोसड़ा के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अंचल मंत्री अनिल महतो द्वारा पार्टी ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता एवं जेपी सेनानी रामकुमार चौधरी को सम्मानित किया गया तथा शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
धर्मेंद्र कुमार महतो की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीपीआई जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी त्याग, बलिदान और संघर्षों की पार्टी है। वर्ष 1925 में स्थापना के बाद से ही पार्टी आम अवाम के बेहतर भविष्य और शोषित-वंचित वर्गों की सामाजिक-आर्थिक मुक्ति के लिए संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी के हजारों साथियों ने कुर्बानी दी। कम्युनिस्ट आंदोलन के संघर्षों के कारण ही बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति और बासगीत पर्चा जैसे कानून अस्तित्व में आए।
अनिल कुमार महतो ने कहा कि पार्टी के साथियों ने आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेजी हुकूमत को नाकों चने चबवाए। वहीं किसान नेता रामबालक महतो ने वर्तमान सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मजदूरों और किसानों के हित में बने कानूनों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। मनरेगा, श्रम कानूनों में बदलाव, नई शिक्षा नीति 2020 और काम के घंटे बढ़ाने जैसे फैसलों से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कार्ल मार्क्स के नारे “दुनिया के मजदूरों एक हो” को आत्मसात करने की अपील की।सभा के अंत में कार्यकर्ताओं ने वार्षिक नवीकरण कराया और सर्वहारा वर्ग की सरकार की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

सभा को रामबदन ठाकुर, रामबालक महतो, एआईएसएफ संयुक्त सचिव अभिषेक आनंद, रुमल यादव, अविनाश कुमार पिंटू, अशोक शाह, कुमार गौरव, वार्ड पार्षद लक्ष्मण पासवान, सरपंच राम उदगार, अमरनाथ भारती, जावेद आलम, रामचंद्र यादव, सहदेव महतो, मो. निसार, सुधीर मिश्र, घूरनी देवी, पृथ्वी पासवान सहित कई साथियों ने संबोधित किया।

