मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने पीएमसीएच के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने पीएमसीएच के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

जे टी न्यूज़, पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच ) के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में बनी स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बताया कि रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में वर्ल्ड क्लास सीटी स्कैन, एमआरआई मशीनों के अलावा हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नवनिर्मित आपातकालीन भवन के पांचवे तल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिशु विभाग में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निओनेटिकल इंटैन्सिव केयर यूनिट(एनआईसीयू) वार्ड, नर्स स्टेशन, स्वच्छ एवं मलिन वस्त्र भंडार आदि का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रांगण में चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पीएमसीएच के पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत पीएमसीएच को 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तार का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है,

जहां मरीजों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करायें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए काम को पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही यहां चिकित्सकों के आवासन की सुविधा भी सुनिश्चित करायें। उन्होेंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, उन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा और ससमय इलाज मिल सके इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में पढ़नेवाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ के लिये जो आवासन की व्यवस्था की जायेगी, उसका निर्माण भी बेहतर ढंग से एवं तेजी से पूरा करायें। पीएमसीएच 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तारित किया जा रहा है।

यहां अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं की सारी व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें। मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर विकसित किये जा रहे पार्क एवं सौंदर्गीकरण कार्य का भी जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ० राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े चिकित्सकगण उपस्थित थे।


