नगर पंचायत परबत्ता के सर्वांगीण विकास के लिए 127 करोड़ का बजट पारित

नगर पंचायत परबत्ता के सर्वांगीण विकास के लिए 127 करोड़ का बजट पारित

जे टी न्यूज, खगड़िया, परबत्ता(गीता कुमार): नगर पंचायत परबत्ता के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 127 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत परबत्ता की चेयरमैन अर्चना देवी ने की।

पारित बजट में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अलग–अलग मद में राशि निर्धारित की गई है। भवन निर्माण कार्य के लिए 20 करोड़ रुपये, सड़क निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये तथा नाला निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में सुरक्षा एवं रोशनी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरा एवं हाई मास्क लाइट लगाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में राजेश वर्मा (खगड़िया लोकसभा सांसद) ने कहा कि नगर पंचायत के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार हो सके। वहीं बाबूलाल शौर्य (परबत्ता विधायक) ने कहा कि यह बजट नगर क्षेत्र के संतुलित और योजनाबद्ध विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

अंत में चेयरमैन अर्चना देवी ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत परबत्ता में सीसीटीवी कैमरे, हाई मास्क लाइट सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पारित बजट के माध्यम से और भी कई योजनाएं शीघ्र ही धरातल पर दिखने लगेंगी, जिससे नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

इस दौरान नगर पंचायत परबत्ता की कार्यपालक पदाधिकारी स्नेहलता, उप चेयरमैन कविता देवी सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने एकमत से बजट का समर्थन करते हुए नगर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button