गैस सिलेंडर लोड ट्रक और पिकअप में आमने-सामने टक्कर, एक की मौत और तीन घायल
एनएच–107 बायपास पर भीषण सड़क हादसा, घंटों बाधित रहा यातायात
गैस सिलेंडर लोड ट्रक और पिकअप में आमने-सामने टक्कर, एक की मौत और तीन घायल
एनएच–107 बायपास पर भीषण सड़क हादसा, घंटों बाधित रहा यातायात

जे टी न्यूज़, मुरलीगंज, मधेपुरा : मधेपुरा-पुर्णिया एनएच 107 बायपास रोड पर मुरलीगंज – जानकीनगर सीमा क्षेत्र स्थित जानकीनगर थाना क्षेत्र
में शनिवार को गैस सिलेंडर लोड ट्रक और मुर्गा लोड पिकअप वाहन के बीच आमने – सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिसमे से एक की गंभीर स्थिति को देखकर मधेपुरा हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत समसी निवासी हेबजुल के रूप में हुई है। पिकअप चालक बादशाह (26) गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख उसे मधेपुरा हायर सेन्टर भेज दिया गया है। साथ ही उसी वाहन में सवार ललटू कुमार को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर मुरलीगंज व जानकीनगर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया। जानकीनगर थाना की पुलिस मृतक के शव को पिकअप से निकाल कर पोस्ट मार्टम की प्रक्रिया के लिये ले गयी। वही घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिये अफरा – तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था। बताया गया कि तीनों एक ही जगह के रहने वाले हैं। घायल ललटू कुमार ने बताया कि वे लोग बेगूसराय से पिकअप पर मुर्गा लादकर मालदा जा रहे थे। मुरलीगंज बायपास होकर गुजरने के दौरान अचानक सामने से आ रहे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गैस सिलेंडर लदा ट्रक (डब्लूबी 29 सी 1702) सड़क के बीचोंबीच पलट गया। जबकि पिकअप वाहन (डब्लूबी 65 ई 2539 ) सड़क किनारे खेत में जा पलटा। हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान बांका जिला के शंभूगंज थाना क्षेत्र निवासी सत्तन यादव के पुत्र सैनी यादव (22) के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरलीगंज पहुंचाया । वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. सौरभ ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को मधेपुरा रेफर कर दिया।
अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पर 500 से अधिक गैस सिलेंडर लदे थे। लोगों का कहना है कि यदि एक भी सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। हादसे के बाद ट्रक के बीच सड़क पर पलटे रहने से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। मृतक का शव वाहन में फंसा रहने के कारण उसे बाहर निकालने में भी काफी समय लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू की। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

