विधायक बबलू मंडल के पहल पर फ्लड कं नट्रोल विभाग ने किया स्थल निरीक्षण माथर दियारा में भी जल्द शुरू होगा कटाव रोधी कार्य

 

  • विधायक बबलू मंडल के पहल पर फ्लड कं नट्रोल विभाग ने किया स्थल निरीक्षण
  • माथर दियारा में भी जल्द शुरू होगा कटाव रोधी कार्य

  • जे टी न्यूज, खगड़िया: बड़ी मां कात्यायनी स्थान पर कटाव रोकने की तैयारी तेज, मंत्री से मुलाकात के बाद विभाग हरकत में आया विभाग
    खगड़िया। खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की पहल पर बागमती नदी के किनारे स्थित सिद्ध पीठ बड़ी मां कात्यायनी स्थान पर हो रहे भीषण कटाव को लेकर विभागीय गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीते मंगलवार को विधायक ने जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी से मुलाकात कर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया था और त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शुक्रवार को फ्लड कंट्रोल डिपार्टमेंट-2 के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार एवं विभागीय अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कटाव की स्थिति का जायजा लिया।
    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मां कात्यायनी स्थान के पास बागमती नदी द्वारा किए जा रहे कटाव का बारीकी से अध्ययन किया। ज्ञात हो कि यह स्थल धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लेकिन नदी के लगातार कटाव के कारण इस शक्तिपीठ का अस्तित्व संकट में पड़ गया है।
    विधायक बबलू मंडल ने बताया कि उन्होंने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया था, जहां मंदिर का एक पिलर पहले ही कटाव की चपेट में आ चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यहां कुछ कटाव रोधी कार्य जरूर किए गए थे, लेकिन वे पर्याप्त नहीं हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए बड़े पैमाने पर मजबूत और स्थायी कटाव निरोधक कार्य की आवश्यकता है।
    विधायक ने कहा कि मंत्री से मुलाकात के बाद विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए टीम को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा है, जो सकारात्मक पहल का संकेत है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही यहां प्रभावी कटाव रोधी कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को सुरक्षित रखा जा सके।
    इसके साथ ही विधायक ने सदर प्रखंड के माथर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी से हो रहे कटाव का मुद्दा भी मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस कटाव के कारण तीन पंचायतों के हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं और उनकी आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न हो गया है। खेत-खलिहान नदी में समा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
    विधायक ने कहा कि इस विषय को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया था, जिस पर विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि माथर दियारा क्षेत्र में भी जल्द से जल्द कटाव रोधी कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
    उन्होंने आगे कहा कि विभागीय टीम जल्द ही माथर दियारा क्षेत्र का भी निरीक्षण करेगी और कार्य शुरू करने की दिशा में तेजी लाई जाएगी। विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और उनके जीवन-यापन से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार प्रयासरत हैं और किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि क्षेत्र संख्या-06 सुनील चौरसिया, प्रमोद राय, चन्देश्वरी तांती (पूर्व समिति), अनिल साह (मुखिया प्रतिनिधि), संजय ठाकुर (समिति प्रतिनिधि), सुमन कुमार तांती, कृष्णदेव गुप्ता, राहुल यादव, नरेश ठाकुर (पूर्व उपसरपंच), रामदेव साह, मोक्तार चौधरी, रोहित सदा सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।
    ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की। सभी ने एक स्वर में कहा कि अगर समय रहते कटाव पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
    विधायक बबलू मंडल ने अंत में कहा कि सरकार और विभाग के सहयोग से जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति दी जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिल सके

Related Articles

Back to top button