टीआरई-4 के विज्ञापन ( वैकेंसी) के लिए अभ्यर्थियों का आंदोलन/ प्रदर्शन
टीआरई-4 के विज्ञापन ( वैकेंसी) के लिए अभ्यर्थियों का आंदोलन/ प्रदर्शन

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : बीपीएससी टीआरई-4 की वैकेंसी नही आने से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों मे नाराजगी है। राजधानी पटना में पिछले 11 वर्षों से लाखों छात्रों के हित में आंदोलन करने वाले बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष छात्र नेता दिलीप कुमार के आह्वान पर समस्तीपुर के पटेल मैदान में मैदान में शनिवार को हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों का जुटान हुआ। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में हजारों अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए सड़क पर प्रदर्शन करते हुए पटेल मैदान पहुंचे। महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी भी बड़ी संख्या में देखी गई। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि टीआरई-4 के दस लाख से अधिक अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। बीपीएससी के कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी थी लेकिन अभी तक विज्ञापन भी नही आया।
पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री के द्वारा कहा गया कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी। चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी कहा गया कि टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा। बीपीएससी ने फरवरी द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई 4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा। लेकिन 50 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नही किया गया है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया। विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि 18 मार्च को बीपीएससी के अधिकारियों ने बताया था कि मार्च अंत तक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। लेकिन विज्ञापन जारी नही किया गया है।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार टीआरई-4 की वैकेंसी की बात कर रहे थे लेकिन दूसरी तरफ बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद भी विज्ञापन जारी नही कर रही है। शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है। एक तरह से तो शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा मुख्यमंत्री जी की छवि को धूमिल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी का सम्मान करते हुए बीपीएससी को टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करना चाहिए। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि अब टीआरई 4 के विज्ञापन के लिए जल्द पटना मे महा आंदोलन होगा और आमरण अनशन भी हो सकता है।
साथ ही छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि लाइब्रेरियन के लिए पात्रता परीक्षा का आयोजन जल्द होना चाहिए क्योंकि 18 वर्षों से लाइब्रेरियन की वैकेंसी नही आयी है। लाखों लाइब्रेरियन अभ्यर्थी वैकेंसी के इंतजार में हैं और उम्र समाप्त होती जा रही है। इसलिए लाइब्रेरियन बहाली हेतु जल्द पात्रता परीक्षा आयोजित करानी चाहिए। बीएसएससी की परीक्षा तिथि घोषित हो तथा संविदा वेटेज हटाया जाए। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बीएसएससी में संविदा वेटेज धांधली-सेटिंग का नया रास्ता है। इससे ईमानदार और मेहनती अभ्यर्थियों को बहुत अधिक नुकसान होगा।

साथही दारोगा, सिपाही और बीएसएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता लायी जाए। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि सरकार एवं संबंधित विभाग इन मांगों को जल्द पूरा करें। अगर इन मांगों को जल्द पूरा नही किया जाता है तो वे सभी जिलों में जाकर छात्रों को एकजुट करेंगे। साथ ही इन सभी मांगों को लेकर पटना में जल्द महा आंदोलन करेंगे। आंदोलन में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ इंदू, विभा, शिव शंकर, विकास, शाकिर, सोनू, रौशन, सुधिर, अनुपम, पंकज, बसंत, राहुल, आशुतोष , पिन्टू, दानिश, जूली, निभा, प्रीती, नेहा,आफरीन, अर्चना, रिंकी सहित हजारों छात्र-छात्राएं शामिल थे।

