बैरिया प्रखण्ड पर माकपा का विशाल प्रदर्शन
बैरिया प्रखण्ड पर माकपा का विशाल प्रदर्शन

जे टी न्यूज़ ,बैरिया: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बैरिया लोकल कमिटी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी बैरिया तथा अंचल अधिकारी बैरिया के समक्ष विशाल प्रदर्शन किया गया । इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पार्टी की बिहार राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रभुराज नारायण राव ने बताया कि आज पूरे देश में महंगाई चरम सीमा पर है । सारे लोग महंगाई से परेशान है । देश में बेरोजगारी का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है ।भ्रष्टाचार की स्थिति यह है कि देश के भ्रष्टाचारियों का भाजपाई करण लगातार बढ़ता जा रहा है । अब वही विपक्ष के लोग भ्रष्टाचारी हैं । जो भाजपा और मोदी सरकार की तानाशाही को स्वीकार नहीं करते उनके घर पर लगातार सीबीआई , इनकम टैक्स , आई टी , ई डी आदि के छापे पड़ रहे हैं और उन्हें सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी साबित किया जा रहा है । इस तरीके से देश के अंदर अमन चैन लगातार समाप्त होता जा रहा है । जबकि चुनाव जीतना ही एकमात्र मकसद मानकर संघ , भाजपा और मोदी सरकार लगातार देश में नफरत की राजनीति कर रही है। सांप्रदायिकता की आग में देश को झोंक देना चाहते हैं। इतना ही नहीं विपक्ष की एकता का इंडिया नामकरण करने पर मोदी सरकार अब इंडिया शब्द ही हटाकर सिर्फ भारत करने का मुहिम जारी कर दिया है । ऐसी स्थिति में जहां संविधान के हर एक आर्टिकल में इंडिया लगा हुआ है । बाबा साहब अंबेडकर के उस संविधान को ही मिटा देना चाहते हैं । इसलिए मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ और देश को एक सही दिशा देने के लिए अपनी सभ्यता और संस्कृति की रक्षा के लिए हमें 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को परास्त करना होगा । पार्टी के जिला सचिव मंडल सदस्य प्रभुनाथ गुप्ता ने कहा कि आज गरीबों को मिलने वाली सारी सुविधाएं समाप्त की जा रही है । मनरेगा में लगातार कटौती की जा रही है। जन वितरण प्रणाली को समाप्त किया जा रहा है । जिला सचिव मंडल सदस्य मोहम्मद हनीफ ने कहा कि बारिश कम होने के चलते पूरा बैरिया प्रखंड में सूखा पड़ा हुआ है । धान और गन्ना पर सुखा का भारी असर पड़ा है ।

ऐसी स्थिति में बैरिया प्रखण्ड को सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित कर 50 हजार रुपए प्रति एकड़ फसल हर्जाना दिया जाय । शंकर कुमार राव ने कहा कि बैरिया के सभी भूमिहीनों को 5 डिसमिल वासगीत जमीन दिया जाए । जिला सचिव मंडल सदस्य तथा नौतन लोकल कमेटी के सचिव प्रकाश कुमार वर्मा ने मांग किया कि बेतिया से लौकरिया तक की मुख्य सड़क सहित प्रखंड के सभी जर्जर सड़कों का अविलंब निर्माण किया जाए। सभा को अवधबिहारी प्रसाद ,बैरिया के सचिव तथा सरपंच सुनील कुमार यादव , संजय राव , काशी शाह , नौजवान सभा के. जिला मंत्री संजीव कुमार राव, प्रेमचंद शर्मा , मनोज कुशवाहा , हरिशंकर यादव आदि ने सभा को संबोधित किया ।
अंत में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल बी डी ओ और सी ओ को 9 सूत्री मांग पत्र दिया ।


