महापौर ने किया नाला उड़ाही का निरीक्षण, रैन बसेरा पहुंच कर व्यवस्थाओं का लिए जायजा

जेटी न्यूज़ रंजीत कुमार

पटना:- नगर निगम की माननीय महापौर श्रीमती सीता साहू द्वारा कोरोना संक्रमण से प्रसार को नियंत्रित रखने हेतु चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उनके द्वारा विभिन्न वार्डों में शनिवार को सैनेटेशन कार्यों का जायजा लिया गया। साथ ही लॉकडाउन की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए दिहाड़ी मजदूरों एवं निराश्रयों हेतु निगम द्वारा संचालित रैन बसेरा एवं सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण माननीय महापौर द्वारा किया गया। गाय घाट के पास संचालित रैन बसेरा में की गई व्यवस्था एवं खाने की गुणवत्ता महापौर ने जांची। साथ ही वहां रह रहे लोगों से भी बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें यहां कोई तकलीफ नहीं होगी। माननीय महापौर द्वारा रैन बसेरा में रह रहे लोगों को आश्वसन दिया कि उन्हें यहां रहने या खाने-पीने से संबंधित कोई भी तकलीफ नहीं होगी। उनके द्वारा संचालक को शौचालय, बिस्तर एवं परिसर की साफ-सफाई लगातार कराते रहने का निर्देश दिया गया।

नाला उड़ाही कार्य का निरीक्षण

आगामी मानसून की वजह से पटना नगर निगम द्वारा नाला उड़ाही का कार्य भी तेज कर दिया गया है। साथ ही मुख्यालय स्तर से भी कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में माननीय महापौर द्वारा पटना सिटी एवं अजीमाबाद अंचल में विभिन्न स्थलों पर नाला उड़ाही के कार्य का निरीक्षण किया गया। माननीय महापौर द्वारा सैदपुर शनिचरा नाला (वार्ड 54), सैदपुर त्रिलोकनगर नाला (वार्ड 56), आदर्श कॉलोनी नाला (वार्ड 68) एवं पूर्वी सिटी मोट नाला (वार्ड 69) की उड़ाही का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा नाला उड़ाही कार्य में लगे कर्मियों को सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति सतर्क रहने एवं उड़ाही उपरांत कचड़ा एवं गाद की सफाई फौरन निपटाने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

Back to top button