चुनाव खत्म, अब सख्ती शुरू पूसा क्षेत्र में 2000 रुपये से अधिक बकायेदारों पर कार्रवाई की चेतावनी
चुनाव खत्म, अब सख्ती शुरू पूसा क्षेत्र में 2000 रुपये से अधिक बकायेदारों पर कार्रवाई की चेतावनी

जे टी न्यूज, पूसा/समस्तीपुर: चुनावी प्रक्रिया संपन्न होते ही विद्युत विभाग ने राजस्व वसूली और उपभोक्ता अनुशासन पर सख्ती बढ़ा दी है। पूसा, पूसा रोड, ताजपुर और मोरवा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को चेतावनी जारी करते हुए कहा गया है कि जिनका 2000 रुपये से अधिक बिजली बकाया है, वे अविलंब पूर्ण भुगतान करें, अन्यथा विद्युत संबंध विच्छेद की कार्रवाई की जा सकती है।
विभागीय सूचना के अनुसार, यदि उपभोक्ता एकमुश्त राशि जमा करने में असमर्थ हैं तो वे प्रमंडल कार्यालय, समस्तीपुर (चीनी मिल के सामने) जाकर बकाया की किस्त (इंस्टॉलमेंट) करवा सकते हैं। लेकिन किस्त निर्धारित समय पर जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा कनेक्शन काटने की कार्रवाई लागू रहेगी। यह कार्यालय समस्तीपुर में स्थित है

गलत टैरिफ और अवैध सर्विस तार पर भी नजर
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता अपने कनेक्शन का उपयोग सही टैरिफ श्रेणी, मानक सर्विस तार और अधिकृत मीटर के माध्यम से ही करें। गलत श्रेणी में उपयोग, अनधिकृत तार या मीटर से छेड़छाड़ पाए जाने पर नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व सुदृढ़ीकरण अभियान
अवर प्रमंडल, पूसा के सहायक विद्युत अभियंता की ओर से जारी इस सूचना को विभाग के राजस्व सुदृढ़ीकरण अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। चुनाव के दौरान वसूली अभियान अपेक्षाकृत धीमा रहने के बाद अब विभाग सक्रिय मोड में आ गया है।
स्थानीय स्तर पर यह संदेश भी दिया गया है कि उपभोक्ता समय पर बिल भुगतान कर न केवल कार्रवाई से बचें, बल्कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी सहयोग करें।

