डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में पहल, अधिकारियों ने किया भूमि निरीक्षण
डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में पहल, अधिकारियों ने किया भूमि निरीक्षण
जे टी न्यूज़, शंकरपुर/मधेपुरा : शंकरपुर प्रखंड में डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने प्रस्तावित महाविद्यालय के लिए जमीन का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ डीडीसी अनिल बसाक, जिला योजना पदाधिकारी उमाशंकर, डीईओ संजय कुमार और एसडीएम संतोष कुमार भी मौजूद थे।
डीएम ने अधिकारियों की टीम के साथ मधैली और परसा पंचायत के ठाकुरबाड़ी स्थित दो अलग-अलग जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि डिग्री महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए कम से कम 7 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।

डीएम अभिषेक रंजन ने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर के अधिकारी जल्द ही जमीन का अंतिम प्रस्ताव बनाकर जिला मुख्यालय भेजें। इसके बाद आगे की विभागीय कार्रवाई और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
भवन निर्माण पूरा होने तक छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अधिकारियों ने बताया कि कारी अनंत उच्च माध्यमिक विद्यालय, मधैली बाजार में 6 कमरे लेकर कॉलेज की कक्षाएं जल्द ही शुरू की जाएंगी। इससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को इसी सत्र से दाखिला और पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी।
इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी तेज प्रताप त्यागी, अंचलाधिकारी राहुल कुमार और थानाध्यक्ष राजीव कुमार सहित अंचल व पुलिस प्रशासन के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शंकरपुर में डिग्री कॉलेज की स्थापना से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए अब मधेपुरा या अन्य शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।


