वीमेंस कॉलेज में संविधान दिवस दीप प्रज्वलित कर मनाया गया एवं संविधान-शपथ ग्रहण कराया गया

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. अरुण कुमार कर्ण की अध्यक्षता तथा एनएसएस पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर संविधान दिवस थीम “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” विषय पर एक परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान-प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और संविधान शपथ से हुई, जिसमें सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. अरुण कुमार कर्ण ने कहा कि “भारत का संविधान महान विभूतियों के अथक प्रयासों का परिणाम है। इसका पालन करना केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि उन महान निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।” एनएसएस पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी ने संविधान दिवस के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का संचालन किया।
परिचर्चा में वक्ताओं ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए: डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत का संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूर्ण विश्वास रखता है। डॉ. नेहा कुमारी जायसवाल ने कहा कि जब तक संविधान का पालन नहीं होगा, तब तक उसके विशाल स्वरूप का कोई औचित्य नहीं है। डॉ. सुरेश साह ने कहा कि संविधान निर्माण में अनेक महापुरुषों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है; यह संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है। डॉ. सोनी सलोनी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना उसकी आत्मा है और देश की दिशा निर्धारित करती है। इस अवसर पर छात्रा अमृता कुमारी, खुशी कुमारी , प्रज्ञा पुष्प, रूपा कुमारी और अन्य छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डॉ. कविता वर्मा, डॉ. काजल श्रीवास्तव, डॉ. संगीता, डॉ. मृत्युंजय कुमार ठाकुर, डॉ. अपूर्वा मुले, डॉ. सोनी सिन्हा, डॉ. आभा कुमारी, डॉ. मीना कुमारी ब्रह्माणी, डॉ शबनम कुमारी, डॉ नीरज प्रसाद, डॉ शाहनाज आरा, राधा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित थीं।

