अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व० कविराज रामलखन सिंह को उनकी पुण्य तिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई

अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व० कविराज रामलखन सिंह को उनकी पुण्य तिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई

जे टी न्यूज़, पटना :

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपने पूज्य पिता अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व० कविराज रामलखन सिंह की पुण्य तिथि के अवसर पर अपने पैतृक गाँव कल्याण बिगहा जाकर ‘कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका’ में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने अपनी माताश्री स्व० परमेश्वरी देवी एवं धर्मपत्नी स्व० मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के बड़े भाई श्री सतीश कुमार सहित मुख्यमंत्री के परिवार के अन्य सदस्यों तथा निकट संबंधियों ने अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व० कविराज रामलखन सिंह, स्व० परमेश्वरी देवी एवं स्व० मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया एवं श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इस अवसर पर सासंद श्री कौशलेन्द्र कुमार, विधायक श्री कृष्णा मुरारी शरण, विधायक श्री जितेन्द्र कुमार, विधायक श्री कौशल किशोर, विधायक श्री रूहेल रंजन, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, पूर्व विधायक ई० सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी पटना डॉ० त्यागराजन एस०एम०, जिलाधिकारी नालंदा श्री कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक नालंदा श्री भारत सोनी सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं परिजनों ने अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व० कविराज रामलखन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गाँव कल्याण बिगहा के भगवती मंदिर (देवी स्थान) में पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक घर के निकट स्थित तालाब में मछलियों को दाना डाला। कल्याणबिगहा एवं आसपास के लोग मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अत्यधिक प्रफुल्लित थे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्यायें सुनी और उसके समाधान के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

Related Articles

Back to top button