कोचस में तेंदुए की दहशत, घंटों बाद मिला काबू
बहादुर युवक को 11 हजार का इना
कोचस में तेंदुए की दहशत, घंटों बाद मिला काबू
बहादुर युवक को 11 हजार का इना

जे टी न्यूज, कोचस (रोहतास) बुधवार को कोचस नगर पंचायत क्षेत्र में उस समय दहशत में डूब गया, जब उत्तर दिशा से सासाराम–चौसा पथ किनारे झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शहर की रफ्तार थम गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। तेंदुए के हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेतों में धान की कटनी कर रहे किसानों ने सबसे पहले तेंदुए को देखा। शोर मचने पर तेंदुआ बधारों की ओर भागा और इस्लाम नगर में डॉ. एकराम के मकान के बगल में बने एक नवनिर्मित घर में जा छिपा। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और इलाके को पूरी तरह घेर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष शबनम परवीन के प्रतिनिधि भोला सहवादी ने वन विभाग और प्रशासन को अवगत कराया। प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रभूषण गुप्ता, अंचलाधिकारी विनीत ब्यास और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान तेंदुए के हमले में एक पुलिस जवान के घायल होने की भी सूचना है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पटना से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई। शाम ढलते ही अंधेरा हो जाने से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटे की कड़ी मशक्कत और स्थानीय लोगों के सहयोग से देर रात तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

रेस्क्यू के दौरान वार्ड संख्या-11 निवासी संतोष साह ने अदम्य साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर टीम की मदद की। इसी दौरान वे तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बहादुरी से प्रेरित होकर नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि भोला सहवादी द्वारा संतोष साह को 11,000 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। तेंदुए के कब्जे में आते ही नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों के बीच यह चर्चा होती रही कि यदि समय पर रेस्क्यू नहीं होता, तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन सतर्क बना हुआ है।



