कड़ाके की ठंड में महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में देर रात तक चला कंबल वितरण अभियान
कड़ाके की ठंड में महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में देर रात तक चला कंबल वितरण अभियान

जे टी न्यूज़, पूर्णिया : भीषण ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से पूर्णिया नगर निगम द्वारा लगातार मानवीय पहल की जा रही है। नगर निगम की महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में गुरुवार की देर रात भी शहर के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद, लाचार एवं निस्सहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। पूर्व से ही नगर निगम क्षेत्र में कड़ाके की ठंड को देखते हुए दर्जनों स्थानों पर प्रतिदिन अलाव की व्यवस्था की जा रही है। वहीं हाल के दिनों में ठंड के अचानक बढ़े प्रकोप को देखते हुए नगर निगम द्वारा कंबल वितरण अभियान को और तेज कर दिया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। वार्ड 17 समेत कई इलाकों में पहुंची राहत गुरुवार की देर रात महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में वार्ड संख्या 17 अंतर्गत सेवा कुटीर विद्यापति नगर, कुष्ठ कॉलोनी (राजा कॉलोनी) सहित शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से जूझ रहे दर्जनों बेसहारा लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। देर रात तक नगर निगम की टीम विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों को राहत पहुंचाती रही। “असहायों की सेवा ही सच्ची मानवता” : महापौर विभा कुमारी कंबल वितरण के दौरान महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों को चिन्हित कर जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच लगातार कंबल वितरण किया जा रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में असहायों की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। नगर निगम हर वर्ष ठंड के मौसम में गरीब, लाचार एवं जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण करती आ रही है। महापौर ने बताया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम का प्रयास है कि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचे, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो। भविष्य में भी नगर निगम द्वारा इस प्रकार के मानवीय एवं जनकल्याणकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। स्थानीय लोगों ने की सराहना नगर निगम और महापौर विभा कुमारी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। मौके पर मौजूद रहे इस अवसर पर मुख्य रूप से वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी, नगर निगम कर्मी इफ्तेखार आलम, अमित कुमार उर्फ झंटू यादव, गौरव कुमार चिक्कू, गौरी शंकर, मंटू गुप्ता सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



