विवेकानंद जयंती पर 10 बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
विवेकानंद जयंती पर 10 बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

जे टी न्यूज, पूर्णिया:
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आरोग्य भारती उत्तर बिहार, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) बिहार एवं सेवा भारती के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णिया सदर क्षेत्र की 10 सेवा बस्तियों में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का व्यापक आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान का नेतृत्व आरोग्य भारती उत्तर बिहार के प्रान्तीय उपाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने किया।
रविवार को अड़गरा चौक स्थित सेवा बस्ती में आयोजित शिविर का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सुबह 10 बजे से मरीजों की जांच, परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शुरू किया। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस मौके पर डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद सेवा सप्ताह के तहत बिहार के 33 जिलों की 647 चिन्हित सेवा बस्तियों में एक साथ नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए हैं। इसी क्रम में पूर्णिया जिले के अड़गरा चौक, प्रधान टोला, आयकर विभाग समीप सेवा बस्ती, नया टोला, पूर्णिया सिटी दुर्गा स्थान स्थित सेवा बस्ती, ब्रजेश नगर, संत कबीर नगर, प्रभात कॉलोनी, खुश्कीबाग प्रभात शाखा एवं मधुबनी पासवान टोला में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए।
डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने मानव सेवा को राष्ट्र धर्म का आधार बताया था। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आरोग्य भारती हर वर्ष समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व है और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।
इस शिविर में डॉ. अनुराधा सिन्हा, सह प्रान्त सचिव डॉ. सनोज कुमार यादव, जिला सचिव डॉ. अमित कुमार (फिजियो), डॉ. रुपेश कुमार, डॉ. एस.एन. झा, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. शशि भूषण प्रसाद, डॉ. तारकेश्वर कुमार, देवकी नंदन जी, प्रिन्स सिन्हा सहित अनेक चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा।
