कोचस में रबी खेती को नई दिशा देने जुटे किसान, गोष्ठी में मिला व्यापक मार्गदर्शन
कोचस में रबी खेती को नई दिशा देने जुटे किसान, गोष्ठी में मिला व्यापक मार्गदर्शन

जे टी न्यूज, कोचस रोहतास।
प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) रोहतास के तत्वावधान में रबी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार गुप्ता, विश्व सूत्री अध्यक्ष हरिहर सिंह एवं प्रखंड आत्मा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश (कोचस) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कृषि समन्वयक विशाल कुमार सिंह ने किया। गोष्ठी में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विकास कुमार सिंह ने रबी मौसम की प्रमुख फसलों की खेती, फसल रोग, कीट-व्याधि, कीटनाशकों के संतुलित उपयोग, आत्मा योजना एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी किसानों को दी।
प्रखंड आत्मा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने समेकित कृषि प्रणाली को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। वहीं आत्मा रोहतास की ओर से सब्जी अनुसंधान केंद्र, वाराणसी में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद धर्मेंद्र कुमार सिंह ने सब्जी उत्पादन की आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विश्व सूत्री अध्यक्ष हरिहर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और उन्नत खेती अपनाने की अपील की। मौके पर कृषि समन्वयक ओम प्रकाश सिंह, विजय कुमार सिंह, सतेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, किसान सलाहकार संतोष कुमार राय, अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार, मधुसूदन पांडेय, रतन तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, मनोज सिंह, राधेश्याम चौबे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

