चीनी मिल खोलने के लिए सरकार की नई योजना, 100 एकड़ जमीन व 40 हजार एकड़ गन्ना रकबे की तलाश
Bihar Sugar Industry: समस्तीपुर में सरकार नई चीनी मिल स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके लिए जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा गया है। नई मिल के लिए 100 एकड़ भूमि और 40,000 एकड़ गन्ने की खेती के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है।
समस्तीपुर। Samastipur Sugar Mill Plan: जिले में नई चीनी मिल स्थापित करने को लेकर सरकार की योजना सामने आई है। विभाग ने जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा है, जिसके बाद प्रशासन 100 एकड़ भूमि और 40 हजार एकड़ गन्ना खेती के उपयुक्त रकबे की तलाश में जुट गया है।
जिला मुख्यालय स्थित बंद चीनी मिल को दोबारा चालू करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। सरकार अब नए सिरे से मिल स्थापना की दिशा में आगे बढ़ रही है।

तीन सदस्यीय कमेटी गठित
नई चीनी मिल की स्थापना के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए जिला पदाधिकारी ने तीन अधिकारियों की कमेटी बनाई है। इसमें एडीएम (राजस्व) ब्रजेश कुमार, जिला ईख पदाधिकारी और डीसीएलआर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमेटी ने गन्ना उत्पादन के आकलन के लिए कृषि विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही मिल स्थापना के लिए 100 एकड़ जमीन की खोज की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्र पर जोर
जिले में पहले से एक चीनी मिल स्थापित होने के कारण नई मिल की संभावना वैशाली और दरभंगा के सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाश की जा रही है। बताया गया कि इन इलाकों में जमीन उपलब्धता और गन्ना उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए सर्वे कराया जाएगा, ताकि 40 हजार एकड़ का आवश्यक रकबा सुनिश्चित किया जा सके।
40 हजार एकड़ गन्ना खेती जरूरी
नई चीनी मिल के लिए न्यूनतम 40 हजार एकड़ भूमि पर गन्ने की खेती आवश्यक मानी गई है। जिले में गन्ना उत्पादन तो हो रहा है, लेकिन दूसरे मिल के संचालन के लिए यह रकबा अभी पर्याप्त नहीं है। इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों को भी प्रस्ताव में शामिल किया जाएगा।
बंद चीनी मिल नहीं होगी पुनर्जीवित
शहर के बीच स्थित पुरानी चीनी मिल को दोबारा चालू करने की कोई योजना नहीं है। भूमि लीज पर दिए जाने और अन्य तकनीकी अड़चनों के कारण इसे व्यवहारिक नहीं माना जा रहा। इसलिए नई मिल शहर से बाहर स्थापित किए जाने की संभावना है।
एडीएम ब्रजेश कुमार ने बताया कि नई चीनी मिल के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। 100 एकड़ भूमि और 40 हजार एकड़ गन्ना खेती योग्य रकबे की तलाश जारी है। कमेटी शीघ्र ही रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजेगी।
Source :jagran News

