महद्दीपुर में कुआं विवाह को लेकर अखंड रामधुनि से भक्तिमय हुआ वातावरण
महद्दीपुर में कुआं विवाह को लेकर अखंड रामधुनि से भक्तिमय हुआ वातावरण

जे टी न्यूज, खगड़िया, पसराहा – खगड़िया जिले के पसराहा थाना अंतर्गत महद्दीपुर गांव के वार्ड संख्या दो में एक अनूठा और भक्तिमय आयोजन देखने को मिल रहा है, जहाँ शुक्रवार से ‘कुआं विवाह’ के उपलक्ष्य में 24 घंटे का अखंड रामधुनि यज्ञ प्रारंभ किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन से संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया है। कार्यक्रम के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए महंत छोटू छलिया ने बताया कि इस पावन यज्ञ में कुल चार सुप्रसिद्ध कीर्तन मंडलियां अपनी प्रस्तुति दे रही हैं। इन मंडलियों में स्थानीय माँ काली रामधुनी मंडली महद्दीपुर के साथ-साथ मुस्कान रामधुनी मंडली बेगूसराय, अभिमन्यु रामधुनी मंडली सहरसा और मधेपुरा से आई एक अन्य प्रतिष्ठित रामधुनी मंडली शामिल हैं। इन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे भजनों और राम नाम के जाप का आनंद लेने के लिए आस-पास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है

पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमन कुमार ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह से वैदिक परंपराओं पर आधारित है। शनिवार की रात्रि को कुआं विवाह का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे हिंदू रीति-रिवाजों और विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। गांव में इस प्रकार के दुर्लभ विवाह समारोह को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्सुकता है और लोग सामूहिक रूप से इस उत्सव की सफलता में अपना सहयोग दे रहे हैं।



