बिहार दिवस पर अररिया के शिक्षकों का जलवा, राज्य स्तर पर मिला सम्मान
बिहार दिवस पर अररिया के शिक्षकों का जलवा, राज्य स्तर पर मिला सम्मान
जे टी न्यूज़, पटना : बिहार दिवस के अवसर पर राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में अररिया जिले के शिक्षकों ने अपनी सक्रिय भागीदारी और नवाचारी कार्यों के माध्यम से जिले का नाम गौरवान्वित किया। इस दौरान शिक्षा विभाग द्वारा जिले के पांच शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय छुरछुरिया के शिक्षक रंजेश कुमार ने कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सामग्रियों के सुचारू वितरण एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से कार्यक्रम में व्यवस्था बेहतर रही और छात्रों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराई जा सकी।
वहीं मध्य विद्यालय महलगांव (जोकीहाट) के शिक्षक संजय कुमार ने मॉडल स्कूल में इको क्लब की गतिविधियों का सफल संचालन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों को पेड़-पौधों के महत्व, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कचना (सिकटी) की शिक्षिका अनु प्रिया ने स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन में सराहनीय योगदान दिया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्होंने पढ़ाई को रोचक और उपयोगी बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इसी क्रम में वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय नवटोलिया ब्रह्मज्ञानी भवानीपुर (पूर्णिया) में प्रधान शिक्षक के रूप में कार्यरत मधु प्रिया ने मॉडल स्कूल के स्मार्ट क्लास को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से छात्रों को डिजिटल शिक्षा का बेहतर अनुभव मिल रहा है।
साथ ही मध्य विद्यालय सिमराहा की शिक्षिका प्रगति कुमारी ने कला वर्ग के संचालन के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने चित्रकला और अन्य कलात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर नोडल पदाधिकारी उदय उज्जवल द्वारा सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान से शिक्षकों के उत्साह और मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
गौरतलब है कि ये सभी शिक्षक ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ प्लेटफॉर्म पर लंबे समय से सक्रिय रहकर शिक्षा में नवाचार, गुणवत्ता सुधार और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इसके अलावा, अररिया जिले के 12 छात्रों ने मैथ ओलंपियाड में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
यह सम्मान न केवल शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है, बल्कि अररिया जिले की शैक्षणिक प्रगति और नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।
महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विभिन्न संगठनों ने इन शिक्षकों को बधाई एवं उज्जवल भविष्य की कामना की है I

