निर्माण श्रमिकों का पैदल मार्च तीन को श्रम अधीक्षक को सौंपा जायेगा ज्ञापन
निर्माण श्रमिकों का पैदल मार्च तीन को श्रम अधीक्षक को सौंपा जायेगा ज्ञापन

जे टी न्यूज़, पटना : पटना : राज्यव्यापी आंदोलनात्मक कार्यक्रम के तहत आगामी तीन अक्टूबर को भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बिहार प्रदेश भवन एवं पथ निर्माण मजदूर संघ की पटना जिला इकाई के बैनर तले श्रमिकों द्वारा पैदल मार्च निकाला जायेगा। स्थानीय मिलर हाई स्कूल के प्रांगण से पैदल मार्च निकाला जायेगा, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए नियोजन भवन पहुँचेगा, जहाँ माँगों से युक्त ज्ञापन श्रम अधीक्षक को सौंपा जायेगा। संघ के जिला मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत श्रम संसाधन विभाग द्वारा निबंधित निर्माण श्रमिकों के कल्याण हेतु 18 प्रकार की योजनाएँ चलाने की घोषणा की गई है, किंतु चार योजनाओं को छोड़कर अधिकतर योजनायें बंद हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि बोर्ड का पुनर्गठन भी लंबे समय से नहीं हो पाया है, जिस वजह से अफसरशाही हावी है। निर्माण श्रमिकों को वार्षिक चिकित्सा सहायता योजना, पोशाक योजना, औजार योजना, साइकिल योजना, भवन मरम्मत योजना इत्यादि योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पैदल मार्च में अखिल भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी प्रसाद, बिहार प्रदेश भवन एवं पथ निर्माण मजदूर संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष राम बाबू सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार आदि शामिल रहेंगे।
