समस्तीपुर कॉलेज में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी, प्रधानाचार्य के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना तीसरे दिन
समस्तीपुर कॉलेज में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी, प्रधानाचार्य के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना तीसरे दिन

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: समस्तीपुर महाविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में आज से शांतिपूर्ण धरना शुरू किया गया है। धरना की अगुवाई प्रमोद कुमार कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जब तक महाविद्यालय में चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों का निवारण नहीं हो जाता, धरना जारी रहेगा।
प्रमोद कुमार ने महाविद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, प्रधानाचार्य के दूसरे कार्यकाल में यु सी जी द्वारा नवनिर्मित गर्ल्स हॉस्टल के नाम पर 22 लाख रुपए की निकासी कर महाविद्यालय कोष से गबन किया गया था, जिसके कारण उन्हें पहले महिला कॉलेज, समस्तीपुर स्थानांतरित किया गया था। महिला कॉलेज में भी अनियमितताओं के चलते इनके खिलाफ एफ.आई. आर.दर्ज की गई थी और विश्वविद्यालय ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया और विश्वविद्यालय द्वारा साजिश के तहत उन्हें फिर से समस्तीपुर महाविद्यालय में तैनात कर दिया गया।

धरना का नेतृत्व कर रहे प्रमोद कुमार का कहना है कि यह पुन: नियुक्ति आपत्तिजनक है और प्रधानाचार्य अपने खिलाफ सभी साक्ष्यों को नष्ट कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य ने विश्वविद्यालय के सभी नियमों की अनदेखी करते हुए तीसरी बार अपनी तैनाती सुनिश्चित की है, जबकि विश्वविद्यालय के नियम के अनुसार एक प्रधानाचार्य को एक महाविद्यालय में अधिकतम पांच साल तक ही पदस्थापित किया जा सकता है।
प्रमोद कुमार ने यह भी खुलासा किया कि वर्ष 2017 में बलिराम भगत कॉलेज, समस्तीपुर में भी प्रधानाचार्य द्वारा 27 लाख रुपये की फर्जी निकासी की गई थी। महाविद्यालय के छात्रवृत्ति कोष का दुरुपयोग करते हुए सभी चेकबुक लेकर इस निकासी को अंजाम दिया गया था।
धरना तब तक जारी रहेगा जब तक समस्तीपुर महाविद्यालय में सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जाते। महाविद्यालय के छात्र और कर्मचारी भी इस आंदोलन में समर्थन देने की बात कह रहे हैं।