प्रधानाचार्या प्रो सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन
प्रधानाचार्या प्रो सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन
जे टी न्यूज, समस्तीपुर: वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर में प्रधानाचार्या प्रो सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना तथा खेल एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप-प्रज्वलन तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के ऊपर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता और खेल एवं संस्कृति विभाग के द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। खेल एवं संस्कृति विभाग की पदाधिकारी डॉ संगीता ने स्वागत करते हुए विषय प्रवेश किया और विवेकानंद के जीवनी पर प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्या प्रो सुनीता सिन्हा ने कहा ,” स्वामी विवेकानंद जी का दर्शन और आदर्श भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है। वो महान विचारक, ओजस्वी वक्ता, दूरदर्शी कवि और युवा सरंक्षक थे। स्वामी विवेकानंद के दिखाए रास्ते पर चलकर ही एक भारत-श्रेष्ठ भारत, आत्म निर्भर भारत, स्वस्थ भारत और भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना साकार किया जा सकता है। “प्रो अरुण कुमार कर्ण ने विवेकानंद के शैक्षिक विचार पर प्रकाश डाला।
विजय कुमार गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए आप खुद को जागृत करते रहिये रास्ते स्वत: बनते जायेगे। एनएसएस ऑफिसर डॉ नीतिका सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा, महान दार्शनिक, विचारक और युवाओं के प्रेरणा पुंज स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं, राष्ट्रीयता की भावना, विविधता में एकता को आत्मसात करने का संकल्प ले । यही स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रो सुरेश साह ने स्वामी विवेकानंद के आध्यात्मिक विचार पर प्रकाश डालते हुए युवाओ को अपने अंदर छुपी प्रतिभा को पहचानने की बात कही। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बृहद संख्या में छात्राएं उपस्थित थी
