कैबिनेट मिनिस्टर विजय कुमार मंडल बने सहरसा जिला के प्रभारी मंत्री
कैबिनेट मिनिस्टर विजय कुमार मंडल बने सहरसा जिला के प्रभारी मंत्री
जे टी न्यूज,
बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी महत्वपूर्ण अधिसूचना के तहत सिकटी से भाजपा विधायक एवं राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय कुमार मंडल को सहरसा जिला का प्रभारी मंत्री-सह-अध्यक्ष, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति मनोनीत किया गया है। यह आदेश अधिसूचना सं. 4/मं.स./का.का. (गठन)-1379/10-719 पटना-15 के तहत तत्काल प्रभाव से लागू हुआ है। इस अधिसूचना के अंतर्गत पूर्व में निर्गत सभी अधिसूचनाएं विलोपित कर दी गई हैं और नवगठित प्रभारी मंत्री सूची के अनुसार, विभिन्न जिलों को उनके नए प्रभारी मंत्रियों को सौंपा गया है। इस निर्णय के तहत विजय कुमार मंडल को सहरसा जिला का नेतृत्व सौंपा गया है। कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब सहरसा जिला के प्रभारी मंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और गणमान्य नागरिक मंत्री विजय कुमार मंडल को बधाई देने उनके बटराहा स्थित आवास पर पहुंचे, जहां गुलदस्ते, माला और मिठाइयों के साथ स्वागत का माहौल बना रहा। भाजपा जिला इकाई के पदाधिकारियों ने इस मनोनयन को क्षेत्र के लिए सम्मान और विकास का अवसर बताया। स्थानीय नेताओं का कहना है कि विजय कुमार मंडल की कर्मठता, जनसंपर्क और संगठन क्षमता से सहरसा जिले को नई ऊंचाई मिलेगी। विकास कार्यों में आएगी तेजी: भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि अब सहरसा जिले के योजना, बजट, निगरानी और क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गति आएगी। प्रभारी मंत्री के रूप में विजय कुमार मंडल सीधे जिले की योजनाओं की समीक्षा करेंगे और समयबद्ध कार्यान्वयन को सुनिश्चित करेंगे।
यह निर्णय बिहार सरकार द्वारा विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्रियों के पुनर्गठन की व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय विकास योजनाओं में मंत्रालयीय निगरानी और जवाबदेही बढ़ाना है।


