अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम अंतिम चरण में 58,438 आकांक्षाएं हुईं दर्ज
अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम अंतिम चरण में 58,438 आकांक्षाएं हुईं दर्ज
जे टी न्यूज, अररिया :
जिला परियोजना समन्वयन इकाई (जीविका) द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 18 अप्रैल से शुरू हुआ यह दो महीने का अभियान 18 जून को समाप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में ज़बर्दस्त उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना संवाद में बढ़-चढ़कर भाग लिया।अब तक जिले के 2125 स्थानों पर महिला संवाद आयोजित हो चुके हैं और करीब 58,438 आकांक्षाएं दर्ज की गई हैं। सोमवार को 36 स्थानों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 7124 महिलाओं ने हिस्सा लिया।आवाज बनीं आकांक्षाएं, सामने आईं जमीनी ज़रूरतें कार्यक्रम में महिलाओं ने व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक स्तर की समस्याएं व आकांक्षाएं खुलकर रखीं। रानीगंज की फरजाना ने लघु व कुटीर उद्योग से जुड़े प्रशिक्षण की मांग करते हुए कहा, “काम करने की इच्छा है, लेकिन कैसे और क्या करना है, इसकी जानकारी नहीं है।”वहीं कुर्साकांटा की सोनी देवी ने बताया कि जीविका के ब्यूटी पार्लर कोर्स से उन्हें घर बैठे आमदनी का रास्ता मिला। कुछ महिलाओं ने तकनीकी शिक्षा केंद्रों की स्थापना की मांग की, खासकर पंचायत/प्रखंड स्तर पर, ताकि बेटियों को दूर न भेजना पड़े। प्रशासन ने लिया संज्ञान, समस्याओं का हो रहा समाधान कार्यक्रम में दर्ज कई समस्याओं और सुझावों पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। महिलाओं में यह विश्वास बना है कि उनकी बात सुनी जा रही है और उस पर कार्य भी हो रहा है, जिससे भागीदारी लगातार बढ़ती जा रही है। महिला संवाद कार्यक्रम ने न सिर्फ आकांक्षाएं दर्ज कीं, बल्कि महिलाओं को अपनी बात कहने का मंच भी दिया — यह बदलाव की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रहा है।

