डिजिटल सशक्तिकरण और नई शिक्षा नीति से युवाओं को मिल रहे अवसर — शकील सैफी
डिजिटल सशक्तिकरण और नई शिक्षा नीति से युवाओं को मिल रहे अवसर — शकील सैफी

जे टी न्यूज, नई दिल्ली:
राजधानी के नांगलोई क्षेत्र स्थित सैफी तालीमी मदरसा में शिक्षा और सामाजिक समरसता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मदरसे की चेयरपर्सन श्रीमती रुबीना सैफी एवं वशीला सैफी सहित प्रबंधन समिति के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों को साझा करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल पर चर्चा करना था।
सैफी तालिमि मदरसा में उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा की भी समुचित व्यवस्था है। यहां लगभग 2800 विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना इस संस्थान की प्राथमिकता है। पारंपरिक तालीम के साथ आधुनिक विषयों का समावेश कर बच्चों को समय के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वर्ल्ड पीस हार्मोनी के चेयरमैन शकील सैफी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नि:शुल्क शिक्षा देकर वंचित वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण, नई शिक्षा नीति और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे देश के युवाओं को नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से शिक्षा व्यवस्था अधिक आधुनिक और समावेशी बन रही है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प लिया।




