सड़क दुर्घटना में घायल पूर्व वार्ड सदस्य की इलाज के दौरान मौत
सड़क दुर्घटना में घायल पूर्व वार्ड सदस्य की इलाज के दौरान मौत
शव घर पहुँचते ही परिजनों में मचा कोहराम, क्षेत्र में शोक की लहर
जे टी न्यूज, रोसड़ा/समस्तीपुर:

रोसड़ा नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 के पूर्व वार्ड सदस्य मनोज कुमार चौधरी 40 वर्ष पिता नाथो चौधरी की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं शव घर पहुंचते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और माहौल गमगीन हो गया।घटना बीते रविवार दोपहर की बताई जाती है। मनोज कुमार चौधरी अपने घर लोहियानगर से निकले थे और रोसड़ा–मंगलगढ़ मुख्य सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें रोसड़ा अनुमंडल अस्पताल पहुँचाया। उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल रेफर कर दिया।परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ कई घंटों तक उपचार चलने के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।मंगलवार को जब उनका शव रोसड़ा स्थित आवास पर पहुँचा तो परिजनों के रोन बिलखने को से पूरा वातावरण भावुक हो गया। पत्नी, बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोगों और समाजसेवियों ने पहुँचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।पूर्व वार्ड सदस्य मनोज कुमार चौधरी के असामयिक निधन से स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के कारण वे क्षेत्र में लोकप्रिय माने जाते थे। कई लोगों ने कहा कि उनका जाना पूरे वार्ड और शहर के लिए अपूरणीय क्षति है।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती लापरवाही और तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

