ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को पहली महिला कुलसचिव, डॉ. दिव्या रानी हांसदा की ऐतिहासिक नियुक्ति

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को पहली महिला कुलसचिव, डॉ. दिव्या रानी हांसदा की ऐतिहासिक नियुक्ति

जे टी न्यूज, दरभंगा(आर के रॉय) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। विश्वविद्यालय को पहली महिला कुलसचिव मिल गई हैं। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. दिव्या रानी हांसदा को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब एलएनएमयू के कुलसचिव पद पर किसी महिला शिक्षाविद को नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को विश्वविद्यालय में महिला नेतृत्व और लैंगिक समानता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

राज्यपाल सचिवालय, बिहार द्वारा 18 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 की धारा 15 के अंतर्गत की गई है। कुलपति द्वारा अनुशंसित तीन नामों में से कुलाधिपति ने डॉ. दिव्या रानी हांसदा के नाम पर अंतिम मुहर लगाई

डॉ. दिव्या रानी हांसदा वर्तमान में विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और शिक्षण एवं प्रशासनिक अनुभव रखती हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र संगठनों में उत्साह का माहौल है। कई शिक्षाविदों ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया है।

विश्वविद्यालय परिसर में इस ऐतिहासिक नियुक्ति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों को उम्मीद है कि डॉ. दिव्या रानी हांसदा के नेतृत्व में एलएनएमयू के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और संवेदनशीलता को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button