नैतिकता के कटघरे में पूर्णिया विश्वविद्यालय

कुलपति दें त्यागपत्र या कुलाधिपति करें बर्खास्तगी : छात्र राजद जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल

नैतिकता के कटघरे में पूर्णिया विश्वविद्यालय

कुलपति दें त्यागपत्र या कुलाधिपति करें बर्खास्तगी : छात्र राजद जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल

जे टी न्यूज, पूर्णिया:
पूर्णिया विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षक बहाली सहित शैक्षणिक अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र राजद पूर्णिया जिला इकाई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र राजद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें नैतिकता के आधार पर पद से हटाने की मांग की है।
*अतिथि शिक्षक बहाली पर सवाल, नोटिफिकेशन हटना बना संदेह का कारण*
बिस्मिल ने कहा कि अतिथि शिक्षक की बहाली प्रक्रिया में भारी अनियमितता बरती गई है। जब छात्र राजद ने इस मुद्दे को उठाया और अख़बारों में मांग प्रकाशित हुई, तो विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबंधित नोटिफिकेशन को वेबसाइट से हटा लिया गया। यह कार्रवाई पूरे मामले को और अधिक संदेहास्पद बनाती है।
*एक साल का कार्यकाल, उपलब्धि शून्य : छात्र भविष्य अंधकार में*
उन्होंने कहा कि कुलपति को पद संभाले लगभग एक वर्ष हो चुका है, लेकिन इस दौरान विश्वविद्यालय की कोई ठोस शैक्षणिक उपलब्धि सामने नहीं आई। उल्टे, गलत नीतियों और अव्यवस्थित निर्णयों के कारण सीमांचल के हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है।


*यूजी-पीजी सत्र लेट, पैट में गड़बड़ी, शोधार्थियों का भविष्य अधर में*
बिस्मिल ने आरोप लगाया कि कुलपति के कार्यकाल में यूजी और पीजी सत्र लगातार विलंब से चल रहे हैं।
पैट-2023 में अनियमितता के कारण परिणाम दोबारा प्रकाशित करना पड़ा, जो विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
अब तक पैट-2024 और पैट-2025 का आयोजन नहीं हो सका है, जिससे शोध छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।
*पीएचडी सत्र दो साल पीछे, शोधार्थी मानसिक-आर्थिक संकट में*
उन्होंने कहा कि पीएचडी सत्र लगभग दो वर्षों की देरी से चल रहा है। इससे शोधार्थी मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही से छात्रों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है।
*राजनीतिक पूर्वाग्रह का आरोप, कॉलेज की शासी निकाय भंग*
बिस्मिल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर अररिया जिला मुख्यालय के एकमात्र स्थायी संबंधन प्राप्त
महारानी ललिता प्रभु देव कमल यादव डिग्री कॉलेज, तेजनारायण नगर, अररिया
की शासी निकाय को बेवजह भंग कर तदर्थ समिति गठित कर दी गई। इससे कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना हो रही है और वहां स्थिति ऐसी हो गई है कि
“रोम जल रहा है और नीरो बांसुरी बजा रहा है।”
*लेन-देन की आशंका, घेराव की चेतावनी*
छात्र राजद ने अतिथि शिक्षक बहाली में भारी लेन-देन की आशंका जताई है। बिस्मिल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र राजद पूर्णिया जिला इकाई विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति का घेराव करेगी।
*कुलाधिपति से सीधी मांग : तत्काल बर्खास्त हों कुलपति*
छात्र राजद ने माननीय कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान से मांग की है कि वे पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति को तत्काल पद से बर्खास्त करें।


बिस्मिल ने कहा कि कुलपति की बर्खास्तगी से ही सीमांचल के छात्र-छात्राओं का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
*छात्रों के हक़ की लड़ाई जारी रहेगी : छात्र राजद*
अंत में बिस्मिल ने कहा कि छात्र राजद ने सबसे पहले इस पूरे मामले को सामने लाकर छात्रों के साथ हो रही धोखाधड़ी के खिलाफ आवाज़ बुलंद की है और आगे भी सीमांचल के छात्र-छात्राओं के हक़ और भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।

Related Articles

Back to top button