कुशेश्वरस्थान पूर्वी में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का 15 जुलाई को होगा ऑनलाइन उद्घाटन, तैयारियां पूरी
कुशेश्वरस्थान पूर्वी में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का 15 जुलाई को होगा ऑनलाइन उद्घाटन, तैयारियां पूरी
दरभंगा। बिहार सरकार के सात निश्चय-3 योजना के तहत राज्यभर में स्थापित किए गए 211 अंगीभूत राजकीय डिग्री महाविद्यालयों की कड़ी में कुशेश्वरस्थान पूर्वी का राजकीय डिग्री महाविद्यालय अब संचालन के लिए लगभग पूरी तरह तैयार है। ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ के आकर्षक स्लोगन के साथ स्थापित इस महाविद्यालय का उद्देश्य दूर-दराज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान करना है। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कुशेश्वर यादव ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के निर्देश पर 6 मई 2026 को कुलसचिव कार्यालय, दरभंगा में उन्होंने प्राचार्य के रूप में अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया।
7 मई 2026 को महाविद्यालय पहुंचने के दौरान जिला अधिकारी, दरभंगा से उनकी सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई, जिसमें आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद कुलपति और जिलाधिकारी के साथ कई चरणों में बैठकें हुईं, जिसके परिणामस्वरूप महाविद्यालय को शीघ्र संचालन योग्य बनाया जा सका। डॉ. यादव ने बताया 15 जुलाई 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य के सभी नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

महाविद्यालय में नामांकन को लेकर छात्रों में व्यापक उत्साह का माहौल है। सत्र 2026-30 के लिए अब तक कुल 67 नामांकन हो चुके हैं, जिनमें 43 छात्राएं और 24 छात्र शामिल हैं। छात्राओं की अधिक भागीदारी इस क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का आईना है।

