डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में विषाक्त भोजन खाने से 30 छात्राएं बीमार, अस्पताल में मची अफरातफरी

डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में विषाक्त भोजन खाने से 30 छात्राएं बीमार, अस्पताल में मची अफरातफरी


जे टी न्यूज़, मुरलीगंज मधेपुरा : मुरलीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मंगलवार रात करीब 9 बजे भोजन करने के बाद अचानक लगभग 30 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी की शिकायत होने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी मुरलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि रात के भोजन में परोसी गई दाल में छिपकली गिर गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद ही कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। सूचना मिलते ही अस्पताल में भी देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। रात करीब एक बजे तक बच्चों का उपचार चलता रहा। बीमार छात्राओं में मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि दाल में छिपकली होने के कारण भोजन करने वाली कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ छात्राओं की स्थिति अधिक खराब होने पर उन्हें सलाइन (पानी) भी चढ़ाया गया। डॉक्टर निशिकांत के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य है और किसी की स्थिति चिंताजनक नहीं है। इलाज कराने वालों में पिंकी कुमारी, अमृता कुमारी, रानी कुमारी, सोनिका सोनम, शिवानी कुमारी, पायल कुमारी, विजेता कुमारी, शबनम कुमारी, नेहा कुमारी, मधु कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, सोनम कुमारी, काजल कुमारी, सरस्वती कुमारी, चंदा कुमारी, नैना कुमारी, नीलू कुमारी, आरती कुमारी, राधा कुमारी, सोनी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, मोनाली कुमारी, अनुपम कुमारी, आकृति कुमारी, ब्यूटी कुमारी, नयंसी प्रिया सहित अन्य छात्राएं शामिल थीं। सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार कर आवश्यक दवाएं दीं। कुछ छात्राओं को निगरानी में रखकर सलाइन चढ़ाई गई। उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य बताई गई।

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी ने बताया कि मंगलवार रात बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी। सभी छात्राओं का तत्काल इलाज कराया गया है और अब सभी की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में भोजन की व्यवस्था जीविका के माध्यम से होती है। फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

वहीं, जीविका के बीपीएम रिशु अर्नेस्ट मशी ने बताया कि भोजन करने के बाद कुछ छात्राओं के बीमार पड़ने की सूचना मिली है। सूचना मिलने पर वे विद्यालय पहुंचे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button