एक दीया अमर स्वतंत्रता सेनानियों के नाम, समस्तीपुर विकास मंच ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दी पुष्पांजलि
दीपावली पर शहीदों के सम्मान में जलाए गए दीप, त्याग और बलिदान को किया गया याद
एक दीया अमर स्वतंत्रता सेनानियों के नाम, समस्तीपुर विकास मंच ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दी पुष्पांजलि
दीपावली पर शहीदों के सम्मान में जलाए गए दीप, त्याग और बलिदान को किया गया याद

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: दीपावली के पावन अवसर पर समस्तीपुर विकास मंच की ओर से समस्तीपुर प्रखंड के विशनपु
वार्ड संख्या-01 स्थित स्मृति शेष नवल ठाकुर जी भवन परिसर में “एक दीया अमर स्वतंत्रता सेनानी के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने एक-एक दीप जलाकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर विकास मंच के संयोजक राकेश कुमार ठाकुर ने की, जबकि संचालन अराजपत्रित कर्मचारी संघ (गोप गुट) के जिला मंत्री अजय कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी सह उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रबंधक रवि आनंद ने किया।
इस अवसर पर राकेश कुमार ठाकुर एवं अजय कुमार ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह उन महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का भी अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम आजादी की रोशनी में सांस ले रहे हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” का ओजस्वी नारा देकर देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना जगाई थी।
वक्ताओं ने कहा कि एक दीपक जिस प्रकार अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार एक सकारात्मक विचार समाज से अज्ञानता, भेदभाव और नफरत को मिटा सकता है। हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि एक दीप अपने घर के लिए, एक अपने समाज के लिए और एक उन अमर शहीदों के सम्मान में जलाएं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। यही दीपावली का वास्तविक संदेश और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में मोहम्मद परवेज आलम, मनोज कुमार राय, मनोज पटेल, शिक्षाविद प्रो. डॉ. रजनीश कुशवाहा, रवि आनंद, शिक्षाविद प्रमोद कुमार उर्फ सुभाष कंठ, सोनू कुमार, साकेत कुमार, कृष्णा कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, समाजसेवी, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
