दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल की व्यापक तैयारी
13 प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त रेक और कोच रहेंगे तैयार; 24 घंटे होगी निगरानी
दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल की व्यापक तैयारी
13 प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया, Ofcourse रेक और कोच रहेंगे तैयार; 24 घंटे होगी निगरानी
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू परिचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों—मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, रक्सौल, सहरसा, ललितग्राम, सकरी, जयनगर, सीतामढ़ी, पूर्णिया कोर्ट, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया—पर विशेष होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं। यहां यात्रियों को ट्रेन के आगमन और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पहले व्यवस्थित रूप से ठहराया जाएगा। इन स्थानों पर वाटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश और पंखे की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक स्टेशन के लिए अलग क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया गया है। भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को सौंपी जाएगी।
चिकित्सा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान
सभी 13 प्रमुख स्टेशनों पर प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम एवं आवश्यक स्थान की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर स्थानीय और जिला अस्पतालों के सहयोग से एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए स्ट्रेचर और व्हीलचेयर भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर और स्टेशन परिसर की स्वच्छता की विशेष निगरानी की जाएगी।
अतिरिक्त रेक और कोच रहेंगे तैयार
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सहरसा, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौल, जयनगर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक तैयार रखे जाएंगे। सहरसा, जयनगर, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर में अतिरिक्त कोच, विशेषकर द्वितीय श्रेणी एवं स्लीपर कोच की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वेटिंग लिस्ट और यात्रियों की संख्या के आधार पर अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
ट्रेनों के पुनर्निर्धारण की लगातार निगरानी होगी। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर प्लेटफॉर्म परिवर्तन नहीं किया जाएगा तथा एक ही आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दो ट्रेनों को एक साथ खड़ा करने से बचने का प्रयास किया जाएगा।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं रिकॉर्डिंग सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल एवं प्रमुख स्टेशनों पर वार रूम और कंट्रोल रूम के माध्यम से परिचालन, वाणिज्य एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। प्रत्येक प्रमुख स्टेशन पर नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए डीजी सेट की वैकल्पिक व्यवस्था भी रहेगी।
आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग द्वारा ट्रेनों में पटाखे और अन्य ज्वलनशील प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन को रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान छठ पूजा के कम से कम दो दिन बाद तक जारी रहेगा।
14 से 25 नवंबर तक पार्सल बुकिंग पर प्रतिबंध
रेल मंडल द्वारा 14 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पार्सल की आवक एवं जावक बुकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। विशेष परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही अपवादस्वरूप बुकिंग की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त स्टेशनों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखे और एसी की कार्यशीलता की नियमित जांच की जाएगी। यात्रियों के बीच भोजन वितरण के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। प्लेटफॉर्म पर भोजन वितरण की अनुमति नहीं होगी। आवश्यकता पड़ने पर होल्डिंग एरिया में पैक्ड भोजन अथवा साबुत फल वितरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती के साथ स्काउट एवं गाइड तथा स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस और नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
मंडल रेल प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।


