छठ से पहले भलुनी धाम पहुंचे डीएम दीपक मिश्र,सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
छठ घाट से लेकर संपर्क मार्ग तक चाक-चौबंद होगी व्यवस्था
छठ से पहले भलुनी धाम पहुंचे डीएम दीपक मिश्र,सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
छठ घाट से लेकर संपर्क मार्ग तक चाक-चौबंद होगी व्यवस्था
बैरिकेडिंग,गोताखोर,पुलिस बल और रोशनी के पुख्ता इंतजाम का निर्देश

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)एन बाबा : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भलुनी धाम पहुंचकर छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की स्थिति, साफ-सफाई,सुरक्षा,प्रकाश,पेयजल, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी(डीएफओ)बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी(एसडीएम) अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ)अंचलाधिकारी(सीओ)सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहें।
*खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, तैनात रहेंगे गोताखोर*
डीएम ने घाट एवं जलाशय की भौतिक स्थिति का जायजा लेते हुए जल की गहराई और फिसलन वाले स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां पानी अधिक गहरा है या दुर्घटना की आशंका है,वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए तथा खतरे का संकेत देने वाले बोर्ड लगाए जाएं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों,आपदा मित्रों और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
*अंधेरे में नहीं भटकेंगे श्रद्धालु,सफाई से लेकर रोशनी तक रहेगी चाक-चौबंद*
जिलाधिकारी ने घाट परिसर के साथ-साथ वहां पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। कचरा और अनावश्यक सामग्री तत्काल हटाने तथा जरूरत के अनुसार सफाई कर्मियों की तैनाती करने को कहा। संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए घाट और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पेयजल,अस्थायी शौचालय,प्राथमिक उपचार केंद्र तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सहायता केंद्र एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था करने पर भी बल दिया।
*भीड़ पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, यातायात के लिए बनेगी विशेष योजना*

छठ के दौरान भलुनी धाम में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए डीएम ने अनुमंडल एवं पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय से विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल,पैदल श्रद्धालुओं के लिए सुगम रास्ते और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी योजना तैयार करने को कहा। घाट पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया।
महिलाओं,बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए भी पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
*छठ से पहले पूरी हों तैयारियां, अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही*
डीएम दीपक कुमार मिश्र ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह लोक आस्था,पवित्रता,अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए। सुरक्षा,स्वच्छता और सुविधाओं के मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि भलुनी धाम में छठ महापर्व श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के बीच पूरी तरह शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।

