काॅपी मूल्यांकन का पारिश्रमिक नहीं मिलने से परीक्षकों में आक्रोश
काॅपी मूल्यांकन का पारिश्रमिक नहीं मिलने से परीक्षकों में आक्रोश

जे टी न्यूज, मधुबनी : काॅपियों के मूल्यांकन के पारिश्रमिक में इंटरमीडिएट काउंसिल की शिथिलता से परीक्षकों को परेशान देखा जा रहा है। बारबार मूल्यांकन केंद्रों का चक्कर काटने के बाद भी पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हो पा रहा है। उक्त बाबत परीक्षकों में आक्रोश व्याप्त है।
मामला इंटरमीडिएट परीक्षा मूल्यांकन 2023 का है। इस परीक्षा के मूल्यांकन कार्य के लगे सैकड़ों परीक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हो पाया है। जिनका हुआ भी है। वे बताते हैं कि आधा-अधूरा भुगतान हुआ है, जो बेमानी नहीं तो क्या है। ऐसी शिकायत आर के काॅलेज मूल्यांकन केंद्र समेत सभी मूल्यांकन केंद्रों से संबंधित परीक्षकों से मिल रही है। विदित हो कि इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के मूल्यांकन में सीए व टीए का भुगतान स्थानीय स्तर पर केंद्र निदेशक द्वारा किया जाता है, जबकि कॉपियों के मूल्यांकन के पारिश्रमिक का भुगतान इंटरमीडिएट काउंसिल के द्वारा सीधे तौर पर परीक्षकों के खाते में आरटीआईएस के माध्यम से किया जाता है। पारिश्रमिक भुगतान में विलंब का कारण यही केंद्रीयकृत प्रणाली है। प्रभावित शिक्षकों ने बताया कि इस संबंध में मूल्यांकन केंद्र निदेशक से कईबार अग्रसारित कराकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव को भेजा जा चुका है। बावजूद इसके अभीतक पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हो सका है। परीक्षकों का कहना है कि अब एक मात्र रास्ता आंदोलन का बचा है।
