3 सप्ताह में गिरा 14 वां पुल, पूर्णिया में नदी के तेज बहाव से एप्रोच पथ ध्वस्त
3 सप्ताह में गिरा 14 वां पुल,
पूर्णिया में नदी के तेज बहाव से एप्रोच पथ ध्वस्त

जे टी न्यूज, सुपौल/ पूर्णियां:
बिहार में इन दिनों पुल गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच सुपौल के मरौना प्रखंड क्षेत्र स्थित मरौना उत्तर पंचायत के कुशमॉल जाने वाली मुख्य सड़क पर बना पुलिया बलान नदी के जलस्तर मे वृद्धि होने से गुरुवार की रात ध्वस्त हो गया। पुलिया ध्वस्त हो जाने से मरौना उत्तर पंचायत के कुशमॉल गाँव के बड़ी टोला एवं छोटी टोला के लोगों का आवागमन बाधित हो गई।
इस संबंध मे स्थानीय वर्तमान सरपंच राम कृष्ण मुखिया ने कहा की कुशमॉल गाँव के वार्ड 05 में विधायक अनिरुद्ध कुमार के विधायक कोष से निर्मित पुलिया बीते रात बालान नदी के जलस्तर मे वृद्धि होने से ध्वस्त हो गया। कहा की पुलिया के ध्वस्त हो जाने से लोगों को भलुआही बाजार सहित स्कूली बच्चों को स्कुल जाने के लिए पांच किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। वही ग्रामीणों ने कहा की पुलिया निर्माण मे ठेकेदार द्वारा काफी मात्रा मे अनियमितता बरती गई थी। जिसके परिणामस्वरूप पुलिया ध्वस्त हो गया। वही ग्रामीणों ने कहा की पुलिया के ध्वस्त हो जाने से कुशमॉल सुरक्षा बांध पर भी दबाब पड़ सकता है।

इधर पूर्णियां जिला के अमौर प्रखंड के रंगरैय्या लालटोली में कनकई नदी की तेज कटाव में लालटोली रंगरैय्या पुल का एप्रोच पथ शुक्रवार को ध्वस्त हो गया। एक साल के भीतर यहां ऐसा दुसरी बार हुआ है। यह 10 हजार की आबादी के आवागमन का मुख्य मार्ग है। अब पुल के एप्रोच के ढह जाने से लालटोली हाट से रंगरैय्या का संपर्क एक दूसरे से पूरी तरह कट गया है। उच्चस्तरीय बॉक्स पुल को मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत साल 2023 में ही बनवाया गया था। फिलहाल इस रास्ते में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत लालटोली हाट से रंगरैया बॉक्स पुल का निर्माण सनी कांट्रेक्टर्स एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड और ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा कराया गया था। एप्रोच पथ 69.91 मीटर लंबी और 100 मीटर चौड़ी है। ठेकेदार पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। कि गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करवाया गया। इस वजह से सड़क पर बने पुल का एक तरफ का एप्रोच एक साल में दोबारा ढह गया। अब एप्रोच ढहने के साथ ही आवागमन बाधित हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि अगले साल 13 जुलाई 2023 को इसी जगह पर पुल का अप्रोच ध्वस्त हो गया था। इसी जगह पर दोबारा पुल का एप्रोच ध्वस्त होने से इसकी गुणवत्ता की कलाई खुल गई है। पंचायत मुखिया प्रतिनिधि सज्जाद आलम ने डीएम से उच्च स्तरीय जांच कर सड़क एवं पुल के एप्रोच निर्माण की मांग की है। कनीय अभियंता हरी शंकर प्रसाद ने बताया कि कटाव निरोधक कार्य चल रहा है।

