जयनगर कमला बराज का जल संसाधन विभाग के द्वारा निरीक्षण किया गया
कहां बराज निर्माण कार्य में लाएं तेजी
जयनगर कमला बराज का जल संसाधन विभाग के द्वारा निरीक्षण किया गया
कहां बराज निर्माण कार्य में लाएं तेजी

जे टी न्यूज़, जयनगर :
जयनगर कमला बराज का जल संसाधन विभाग पटना मुख्यालय के अभियंता प्रमुख सिंचाई सृजन नन्द कुमार झा ने जयनगर में 450 करोड़ के कमला बराज परियोजना के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि परियोजना में विलंब हो रहा है।अभियंता प्रमुख ने इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने की हिदायत भी दी। भूअर्जन से सम्बंधित समस्याओं को लेकर जमीन मालिकों ने अभियंता प्रमुख से परियोजना स्थल पर मिल कर फरियाद की। अभियंता प्रमुख ने विभाग के प्रधान सचिव से वार्ता की व किसानों को आश्वाशन दिया। मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता को कहा गया कि वे डीएम से मिलकर किसानों की समस्या का समाधान करावें। किसानों से सहयोग का आह्वान किया गया। प्रोजेक्ट इंचार्ज मृत्युंजय कुमार ने बताया कि भूअर्जन नहीं होने के कारण व लाभार्थियों का भुगतान लंबित रहने से किसानों का गतिरोध बरकरार है। उपलब्ध भूमि पर संवेदक द्वारा कार्य करा लिया गया है। बराज का शेष कार्य भू अर्जन एवं भू आधिपत्य नहीं मिलने के कारण बाधित है।

जिसके कारण एजेंसी को भारी नुकसान हो रहा है।साल भर से मशीनें बेकार खड़ी हुई हैं। बिजली पोल व नदी के दोनों किनारे स्थित मंदिर का पुनर्स्थापन नहीं होने से भी बराज निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। अभियंता प्रमुख ने इससे सहमति जताते हुए आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इसका हल निकाला जाएगा।इस मौके पर जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता मॉनिटरिंग पटना अनिल कुमार मंडल,मुख्य अभियंता दरभंगा मो.एजाज, कार्यपालक अभियंता जल संसाधन विभाग मधुबनी ब्रजेश निराला,जेई श्रीकांत,कुमार,अधीक्षण अभियंता भूपेंद्र प्रसाद, कार्यपालक अभियंता कमला नहर प्रमंडल जयनगर आमोद कुमार आदि मौजूद थे।




