दो दिन बाद किशोर की सकुशल बरामदगी, पांच हिरासत में
आरोपितों को छुड़ाने की कोशिश में भड़की भीड़, पुलिस वाहन पर पथराव
दो दिन बाद किशोर की सकुशल बरामदगी, पांच हिरासत में
आरोपितों को छुड़ाने की कोशिश में भड़की भीड़, पुलिस वाहन पर पथराव

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता 17 वर्षीय किशोर की सकुशल बरामदगी के साथ एक ऐसे घटनाक्रम का खुलासा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने शुक्रवार को चकसलेम गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपितों को छुड़ाने की कोशिश में जुटी भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया और तोड़फोड़ की, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस के अनुसार, हसनपुर सूरत गांव निवासी अभिलेश सिंह का 17 वर्षीय पुत्र अविनाश सिंह दो दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर चकसलेम गांव स्थित नवीन कुंवर के घर पर छापेमारी की गई, जहां से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान नवीन कुंवर की पत्नी प्रिया, पुत्र बादल कुमार, दीपू कुमार सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रारंभिक पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं बादल और दीपू के साथ उनके घर गया था और पिछले दो दिनों से वहीं रह रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि घर निर्माण के लिए महनार बाजार में चांदी के जेवर गिरवी रखकर जुटाए गए 20 हजार रुपये बादल और दीपू ने उससे छीन लिए। इस दौरान वह लोहटीपुर गांव जाकर जुआ भी खेलता रहा।
इधर, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आरोप है कि हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने की कोशिश में कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया तथा वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने मौके पर पिस्तौल लहराकर माहौल बिगाड़ने का भी प्रयास किया। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए दो युवक भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और दोबारा पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद एहतियातन नवीन कुंवर के घर को सील कर दिया गया है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। डीएसपी वीरेंद्र कुमार मेधावी और थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बरामद किशोर और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने वालों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।


