भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों और गरीब परिवारों को उजाड़ने का आरोप, संयुक्त किसान मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों और गरीब परिवारों को उजाड़ने का आरोप, संयुक्त किसान मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

जे टी न्यूज,
नवादा : संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार ने नवादा जिले के नारदीगंज अंचल स्थित मोतनाजे-मधुबन में गंगाजल आपूर्ति योजना के दूसरे चरण के तहत मधुबन जलाशय निर्माण के लिए की जा रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मोर्चा ने जिला प्रशासन पर भूमि अधिग्रहण कानून, 2013 के प्रावधानों की अनदेखी करने और सैकड़ों गरीब परिवारों को जबरन विस्थापित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

मोतनाजे-मधुबन में आयोजित किसान चौपाल को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि भूमि अधिग्रहण से पहले ग्रामसभा की मंजूरी और निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ठेकेदार और कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए महादलित, अति पिछड़े एवं पिछड़े वर्ग के हजारों लोगों के हितों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों की लहलहाती धान की फसल को बुलडोजर से रौंदा गया और विरोध करने वाले ग्रामीणों को पुलिस के माध्यम से डराया गया।

अशोक प्रसाद सिंह ने जिला प्रशासन के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें भूमि अधिग्रहण कानून की धारा 40 के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि इस धारा के विशेष प्रावधानों का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया जा रहा है, प्रशासन को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मोर्चा ने आरोप लगाया कि पुनर्वास योजना वाद संख्या 1/25 में जलाशय निर्माण के लिए 302.441 एकड़ भूमि और शून्य विस्थापन दर्शाया गया है, जबकि जिला भू-अर्जन कार्यालय की प्रारंभिक अधिसूचना, ज्ञापांक 1357, दिनांक 11 जुलाई 2026 में 14.275 एकड़ भूमि और लगभग 564 प्रभावित आवासों का उल्लेख है। मोर्चा ने इन आंकड़ों में अंतर को लेकर पारदर्शिता की मांग की है।

मोर्चा ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने, क्षतिग्रस्त फसलों का उचित मुआवजा देने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो नवादा सहित बिहार के किसान व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

किसान चौपाल को दिनेश कुमार, पवन कुमार, संजय कुमार, पप्पू कुमार, मनोज कुमार, संजय यादव, भोला यादव, रामजन्म प्रसाद और महेश प्रसाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिल देव प्रसाद ने की।

Related Articles

Back to top button