छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने निकले पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, समस्तीपुर सहित कई स्टेशनों का किया निरीक्षण
होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा की व्यवस्था पर विशेष जोर; सीसीटीवी, मेडिकल टीम और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने निकले पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, समस्तीपुर सहित कई स्टेशनों का किया निरीक्षण
होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा की व्यवस्था पर विशेष जोर; सीसीटीवी, मेडिकल टीम और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

जे टी न्यूज़, हाजीपुर : छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने शुक्रवार को सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सकरी, जयनगर, झंझारपुर एवं मधुबनी सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व के मद्देनजर श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों के ठहराव के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्रियों के आवागमन, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निरंतर दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
होल्डिंग एरिया में मिलेंगी आवश्यक सुविधाएं
छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। इन स्थानों पर यात्रियों को ट्रेन के आगमन और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराया जाएगा। होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन एवं प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इन होल्डिंग एरिया में टिकट उपलब्ध कराने के लिए अस्थायी व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए मेडिकल टीम की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे द्वारा विशेष क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया गया है। आरपीएफ एवं अन्य रेलकर्मियों को होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही फुट ओवरब्रिज के माध्यम से नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
भीड़भाड़ वाले स्टेशनों के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे एवं रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्टेशनों पर वार रूम और कंट्रोल रूम के माध्यम से परिचालन, वाणिज्य एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
यात्री सुरक्षा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने यात्री सुविधा, सुरक्षा एवं संरक्षा पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को हमेशा सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए।
निरीक्षण के दौरान सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन तथा समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा अपने-अपने क्षेत्राधिकार में महाप्रबंधक के साथ उपस्थित रहे। उनके साथ संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।




