जन्म से मौत के बाद तक होती है किन्नरों की दुर्गति ही दुर्गति

एक शाम किन्नरों के नाम* में पुरुषोत्तम अग्रवाल और साजन मिश्रा लाइफटाइम अवॉर्ड से हुए सम्मानित हेमलता म्हस्के

जन्म से मौत के बाद तक होती है किन्नरों की दुर्गति ही दुर्गति

एक शाम किन्नरों के नाम* में पुरुषोत्तम अग्रवाल और साजन मिश्रा लाइफटाइम अवॉर्ड से हुए सम्मानित

हेमलता म्हस्के

जे टी न्यूज,ननई दिल्ली:

दुनिया में किन्नरों को लेकर एक बहुत बड़ा सवाल यह उठता रहा है कि हम कुत्ता, बिल्ली को तो पाल लेते हैं, लंगड़ा, लूला, अंधा इत्यादि दिव्यांग बच्चे को भी स्वीकार करते हुए उनकी परवरिश बड़े जतन से करते हैं, लेकिन अपनी ही संतान में लिंगदोष को स्वीकार नहीं कर पाते। माँए अपनी ऐसी संतान का परिवार से विच्छेदन के खिलाफ क्यों आवाज नहीं उठाती? वे कानून का सहारा लेकर विरोध प्रकट कर सकतीं हैं। आज स्थिति बहुत बदल गई है। समलैंगिकता को समाज स्वीकार करने लगा है। मुझे लगता है कि फिल्मों, नाटकों के माध्यम से ऐसे बच्चों के आदर्श स्थिति को पेश करने की कोशिश करना चाहिए। घर के मुखिया पिता को इस बात को शर्म का कारण बनने से इंकार करना चाहिए कि उन्होंने एक हिजडे को जन्म दिया है। स्वीकारोक्ति घर से शुरू होगी, तभी बात बनेगी। आज भी किन्नरों की जन्म से लेकर मौत के बाद तक दुर्गति ही दुर्गति होती आ रही है।
यह महत्वपूर्ण बात भोपाल से आईं लघुकथा लेखक आंदोलन की प्रमुख कान्ता रॉय ने कहीं। वे किन्नरों पर केंद्रित और
डॉ लक्ष्मीशंकर वाजपेई की अध्यक्षता में श्री राम सेंटर के सभागार में * एक शाम किन्नरों के नाम* कार्यक्रम में बहुचर्चित रंगकर्मी, फिल्मकार, निर्देशक और अभिनेत्री रमा पाण्डेय, पुरुषोत्तम अग्रवाल, ओम निश्चल, ममता किरण ,रत्ना पटेल, कविता नगर, अंजू खरबंदा और ट्रांसजेंडर डॉ दीपिका आदि साहित्यकारों, समाजसेवियों और किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों की संगोष्ठी में प्रारंभिक व्याख्यान दे रही थीं।
पहले किन्नर को हास्य का पात्र बनाया जाता था, अब हिंदी साहित्य ने उन्हें *’तीसरा लिंग नहीं, एक पूरा मनुष्य’* के रूप में लिखना शुरू किया है। हिंदी साहित्य में किन्नर विमर्श पिछले 15 सालों में बहुत तेजी से उभरा है। पहले जहाँ वो सिर्फ हँसी या गाली के रूप में आते थे, अब वो मुख्य पात्र बने हैं। नीरजा माधव,महेंद्र भीष्म और प्रदीप सौरभ के साथ अनुसूया त्यागी, चित्रा मुद्गल, अलका सरावगी की कई कहानियों में किन्नर पात्र सहानुभूति के साथ आए हैं। प्रेम जनमेजय, ओम निश्चल जैसे वरिष्ठ लेखकों ने अपने स्तंभों/चर्चाओं में इसे साहित्यिक विमर्श बनाया है। और अगर
पूरे भारतीय साहित्य में देखें तो
खुद किन्नर / ट्रांसजेंडर लेखकों का योगदान अब एक स्वतंत्र और बहुत महत्वपूर्ण साहित्यिक धारा बन चुका है। इसे मुख्य रूप से आत्मकथा, संस्मरण और प्रतिरोध साहित्य के रूप में देखा जाता है।


पहले तक किन्नर समुदाय के बारे में दूसरों ने लिखा, अब वे खुद अपनी आवाज़ में लिख रहे हैं। इसे OwnVoices आंदोलन कहा जाता है। यह साहित्य लिंग, देह, परिवार, धर्म, और राज्य की परिभाषाओं को चुनौती देता है। इसने हिंदी, तमिल, बांग्ला, मराठी, अंग्रेजी सहित कई भारतीय भाषाओं में एक नई भाषा और संवेदना गढ़ी है। इसका आयोजन समाज के विविध रंगों, अनुभवों और संवेदनाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रमा थिएटर नाट्य विद्या संस्था (रतनाव)
ने किया था। देश की राजधानी दिल्ली में खासकर किन्नरों पर केंद्रित इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ। आयोजन किन्नर समुदाय के जीवन, संघर्ष, पहचान, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को साहित्य, कला और रंगमंच के माध्यम से सामने लाने के लिए एक सार्थक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत किन्नर समुदाय से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं साहित्यिक पहलुओं पर केंद्रित साहित्यिक चर्चा और कला प्रदर्शनी से हुई। इसके बाद रमा पांडेय द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित नाटक ‘लल्लन मिस’ का मंचन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से दर्शकों को किन्नर समुदाय के जीवन, उनके अनुभवों और संघर्षों को करीब से समझने के साथ-साथ समाज में उनकी भूमिका, पहचान, समानता और सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर विचार करने का अवसर मिला। लल्लन मिस नाटक में दिखाया गया कि भले ही समाज आज भी उनके आशीर्वाद को बहुत महत्व देता हो लेकिन किन्नरों की दुर्गति जन्म से शुरू होकर मौत के बाद तक आज भी होती रहती है।
इस मौके पर साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ भी पुरुषोत्तम अग्रवाल तथा संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पंडित साजन मिश्रा को रतनाव लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी अपनी अपनी रचनाओं का पाठ करने का मौका दिया गया ताकि युवा पीढ़ी किन्नर समुदाय के प्रति अधिक संवेदनशील बने, उनके प्रति प्रचलित धारणाओं और पूर्वाग्रहों को बदले और समाज में समावेशिता और सम्मान की भावना को बढ़ावा मिले।

गौरतलब है कि
किन्नरों पर केंद्रित ऐसे आयोजनों से किन्नरों के सामाजिक और व्यक्तिगत स्तर पर असर पड़ा है लेकिन जानकारों का कहना है कि किताबों से ज्यादा कोर्ट और कैमरे से हुआ है। साहित्य ने ज़मीन तैयार की, फिल्मों ने चेहरा दिखाया।
सबसे बड़ा मोड़ 2014 का *NALSA जजमेंट* था। सुप्रीम कोर्ट ने किन्नरों को ‘थर्ड जेंडर’ माना। उसके बाद किताबों-फिल्मों में कहानियाँ आनी शुरू हुईं। अब आधार, वोटर कार्ड, पासपोर्ट में तीसरा विकल्प है। साहित्य ने इस फैसले को लोगों तक पहुँचाया। पहले वे सिर्फ बधाई-ताली तक सीमित थे। अब साहित्य उत्सवों में भी उनकी उपस्थिति दर्ज हो रही है। कोच्चि मेट्रो, छत्तीसगढ़ पुलिस, कई यूनिवर्सिटी में किन्नरों को नौकरी भी मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हुई हैं। पटना की ललन मिस जैसी किन्नर ने बच्चों के लिए स्कूल खोला । बहुत से किन्नर सिर्फ ताली ठोंक कर पैसे नहीं मांगते, अब वे लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा के कार्यों सहित विपदा के समय लोगों को मदद करने को सामने आ रहे हैं।


इन पर फिल्में भी बन रही हैं। पर अभी भी 90% रोल सिस-जेंडर एक्टर करते हैं, किन्नर एक्टर को कम मौका मिलता है। किन्नर समुदाय खुद कहता है – “हमारी कहानी पर तालियाँ, पर हमें रोल नहीं।” किराये पर घर मिलना आज भी उनके लिए मुश्किल है और घर से निकाला जाना आम बात है। किताब में उनको सहानुभूति मिलती है, लेकिन मुहल्ले की गलियों में अभी भी गालियां ही मिल रही हैं। कई किन्नर लेखक बताते हैं – सेमिनार में बुलाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, पर किताब छापने या प्रकाशक रॉयल्टी में हिस्सेदारी नहीं देते। पहले तो गैर किन्नरों ने उन पर लिखना शुरू किया लेकिन अब उनके बीच से लेखक पैदा होने लगे हैं इनमें लक्ष्मी त्रिपाठी, मंजीत सिंह और दीपिका जैसे किन्नर खुद लेखक बने, सिर्फ पात्र नहीं रहे। समाज अब उन्हें ‘दया’ नहीं ‘कला’ के रूप में भी देख रहा है। साहित्य-कला ने किन्नरों को जोक से जजमेंट तक पहुँचाया है, पर जजमेंट से जस्टिस तक का रास्ता अभी बाकी है।

Related Articles

Back to top button