खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में यातायात बाधित होने पर प्रशासन सख्त, शोरूम संचालक को नोटिस बिना अनुमति सड़क किनारे बनाया गया था मंच, भीड़ के कारण एंबुलेंस के आवागमन में भी हुई परेशानी 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने का निर्देश
खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में यातायात बाधित होने पर प्रशासन सख्त, शोरूम संचालक को नोटिस
बिना अनुमति सड़क किनारे बनाया गया था मंच, भीड़ के कारण एंबुलेंस के आवागमन में भी हुई परेशानी 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने का निर्देश
जे टी न्यूज, समस्तीपुर : भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान यातायात बाधित होने और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर ने मोहनपुर रोड स्थित अरण्या बजाज मोटरसाइकिल शोरूम के संचालक प्रो. अरुण कुमार राय को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
अनुमंडल कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, शोरूम के उद्घाटन के लिए दिए गए आवेदन में भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी का उल्लेख नहीं किया गया था। प्रशासन का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। साथ ही, सड़क किनारे बिना अनुमति मंच तैयार कर दिया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग जुट गए और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। इस कारण आम लोगों को परेशानी हुई और आपातकालीन वाहनों, विशेषकर एंबुलेंस को भी निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने इसे शांति व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर मामला माना है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने शोरूम संचालक को निर्देश दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष स्पष्ट करें। साथ ही यह भी बताएं कि उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की जाए।

