नलगुंडा में किसान सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में मनाई गई शहीद बिरसा मुंडा की जयंती
जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लिया संकल्प; किसान सभा ने कॉरपोरेट हितों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का किया आह्वान
नलगुंडा में किसान सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में मनाई गई शहीद बिरसा मुंडा की जयंती
जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लिया संकल्प; किसान सभा ने कॉरपोरेट हितों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का किया आह्वान

जे टी न्यूज,
नलगुंडा (तेलंगाना)। अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर रविवार को तेलंगाना के नलगुंडा में महान आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी शहीद बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर किसान सभा के राष्ट्रीय नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव बिजू कृष्णन, राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक ढावले, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद, महिला नेत्री एवं पूर्व सांसद बृंदा करात, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हन्नान मौला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद अमराराम, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अवधेश कुमार, झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव एवं केंद्रीय कमेटी सदस्य सुफल महतो, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विनोद झा तथा बादल सरोज सहित अनेक नेता उपस्थित थे।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृंदा करात ने कहा कि शहीद बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है। अखिल भारतीय किसान सभा पिछले 90 वर्षों से इसी संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देशभर में किसानों और आदिवासियों के अधिकारों के लिए आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सभा अन्नदाता किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर लगातार संघर्षरत है।
बृंदा करात ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार जल, जंगल और जमीन को कॉरपोरेट घरानों के हाथों सौंपने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने किसान विरोधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बीज विधेयक, चार श्रम संहिताओं तथा मनरेगा को समाप्त करने की कोशिशों के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों ने 13 महीने तक चले ऐतिहासिक संघर्ष के बल पर तीन कृषि कानूनों को वापस कराने में सफलता हासिल की थी। यह संघर्ष की सामूहिक ताकत का प्रमाण है।
इस अवसर पर झारखंड राज्य किसान सभा के अध्यक्ष असीम सरकार, उपाध्यक्ष सुरजीत सिन्हा, प्रफुल्ल लिंडा, मदुवा कच्छप, शंकर उरांव, प्रदीप गुड़िया, मिला कुजुर, ललित मुंडा, राजू मुंडा, बिसंबर महतो, सुखदेव महतो, सहदेव मुंडा, गोपीन सोरेन, उमेश महतो, रीता स्वासी, लखी सोरेन एवं लखीराम मुर्मू सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

