अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने सुफल महतो सहित झारखंड के प्रतिनिधि तेलंगाना रवाना
15 से 18 नवंबर तक नलगोंडा में होगा 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन, किसान आंदोलन और किसानों के ज्वलंत मुद्दों पर बनेगी संघर्ष की रणनीति : सुफल महतो
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने सुफल महतो सहित झारखंड के प्रतिनिधि तेलंगाना रवाना
15 से 18 नवंबर तक नलगोंडा में होगा 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन, किसान आंदोलन और किसानों के ज्वलंत मुद्दों पर बनेगी संघर्ष की रणनीति : सुफल महतो

जे टी न्यूज,
रांची :अखिल भारतीय किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को रांची रेलवे स्टेशन से धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस द्वारा तेलंगाना के नलगोंडा के लिए रवाना हुआ। राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 15 से 18 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित किसान प्रतिनिधि भाग लेंगे।
झारखंड से रवाना होने वाले प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा के अध्यक्ष असीम सरकार, उपाध्यक्ष सुरजीत सिन्हा, संयुक्त सचिव स्वपन महतो एवं मदुवा कच्छप, कोषाध्यक्ष प्रदीप गुड़िया के अलावा प्रफुल्ल लिंडा, शंकर उरांव, रीता स्वासी, मिला कुजूर, लगी सोरेन, बिसम्बर महतो, राजू मुंडा, ललित मुंडा, सुखदेव महतो, सनातन देहरी और लखी मुर्मू शामिल हैं।
किसानों के सवालों पर देशव्यापी संघर्ष की बनेगी रणनीति
झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव एवं अखिल भारतीय किसान सभा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुफल महतो ने कहा कि नलगोंडा में आयोजित 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन देश के अन्नदाता किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनके समक्ष उत्पन्न गंभीर चुनौतियों के खिलाफ संघर्ष की नई दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कृषि संकट, किसानों की आत्महत्या, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसान विरोधी नीतियों और ग्रामीण रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की शहादत के बाद 10 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार ने किसान संगठनों के साथ लिखित समझौता किया था। इसमें तीन महीने के भीतर MSP की कानूनी गारंटी सहित किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उनके अनुसार अब तक इन वादों को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है

कृषि संकट और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रस्ताव
सुफल महतो ने कहा कि सम्मेलन में देश में बढ़ती किसान आत्महत्याओं, कृषि संकट, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बीज एवं बिजली विधेयकों, चार श्रम संहिताओं और मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके साथ ही हाथियों के आतंक से किसानों को हो रही परेशानी तथा जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के सवाल भी सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में सीएनटी-एसपीटी अधिनियम की रक्षा भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। सम्मेलन में इन सभी विषयों पर प्रस्ताव पारित कर किसानों और ग्रामीण समुदायों के हित में आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।
बिरसा मुंडा जयंती पर देशभर में होगा झंडोत्तोलन

सुफल महतो ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर देशभर के गांवों में किसान सभा का झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना का नलगोंडा क्षेत्र ऐतिहासिक किसान आंदोलनों की धरती रहा है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासचिव पी. सुंदरैया के नेतृत्व में तेलंगाना के किसान आंदोलन ने देश के किसान संघर्षों को नई पहचान दी थी।

