छठ पर्व को लेकर विद्युत विभाग अलर्ट, अधीक्षण अभियंता ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के लिए जर्जर तारों को किया जा रहा दुरुस्त, कई मार्गों पर नंगे तारों की जगह लगाए गए कवर तार

छठ पर्व को लेकर विद्युत विभाग अलर्ट, अधीक्षण अभियंता ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के लिए जर्जर तारों को किया जा रहा दुरुस्त, कई मार्गों पर नंगे तारों की जगह लगाए गए कवर तार


जे टी न्यूज,
समस्तीपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए विद्युत विभाग पूरी तरह तत्पर है। इसी क्रम में विद्युत अधीक्षण अभियंता कुमार गौरव ने विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार के साथ समस्तीपुर शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वीआईपी घाट, राम गोविंद प्रसाद घाट, सतमलपुर घाट, प्रसाद घाट, नीम गली घाट, बीआरबी कॉलेज घाट, धर्मपुर घाट सहित अन्य छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान ढीले एवं जर्जर तारों को दुरुस्त कराने के साथ ही एचटी और एलटी लाइनों की स्थिति की जांच की गई। पूर्व में कराए गए रखरखाव कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

नंगे तारों की जगह लगाए जा रहे कवर तार

विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीमित योजना के तहत कई स्थानों पर 11 केवी एवं एलटी लाइन के नंगे तारों को बदलकर कवर तार लगाए गए हैं। वीआईपी घाट, बीआरबी कॉलेज घाट और धर्मपुर घाट तक जाने वाले मार्गों पर कवर तार लगाने का कार्य पूरा किया गया है। अधीक्षण अभियंता ने इन कार्यों का निरीक्षण कर स्थिति की समीक्षा की। शेष स्थानों पर भी नंगे तारों को कवर तार से बदलने की कार्रवाई जारी है।

प्रमुख घाटों पर तैनात रहेंगे विद्युतकर्मी

अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिया कि प्रमुख छठ घाटों पर विद्युत विभाग के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही घाटों एवं प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स बैनर के माध्यम से विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर प्रदर्शित किया जाए, ताकि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा अप्रिय स्थिति में श्रद्धालु तत्काल विभाग को सूचना दे सकें।

Related Articles

Back to top button