मनिहारी गंगा स्नान करने जा रहे परिवार की कार खड़े ट्रक से टकराई, दंपति समेत तीन की मौत; तीन गंभीर नारायणपुर के समीप अहले सुबह करीब पांच बजे हुआ भीषण हादसा, सभी मृतक कटिहार के बैगना के निवासी

मनिहारी गंगा स्नान करने जा रहे परिवार की कार खड़े ट्रक से टकराई, दंपति समेत तीन की मौत; तीन गंभीर
नारायणपुर के समीप अहले सुबह करीब पांच बजे हुआ भीषण हादसा, सभी मृतक कटिहार के बैगना के निवासी

जे टी न्यूज, कटिहार: मनिहारी में गंगा स्नान करने जा रहे एक परिवार की खुशियां शुक्रवार की सुबह मातम में बदल गईं। कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर नारायणपुर के समीप अहले सुबह करीब पांच बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में दंपति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटिहार की ओर से मनिहारी जा रही एक कार नारायणपुर के समीप सड़क किनारे खड़े खराब बालू लदे ट्रक से पीछे से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

दंपति समेत तीन की मौत

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 68 वर्षीय शम्भू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह तथा पड़ोस में रहने वाली मंजू रानी साह (पति इंदु साह) के रूप में हुई है। तीनों कटिहार शहर के बैगना निवासी बताए जा रहे हैं। गंगा स्नान के लिए निकले इन लोगों की असामयिक मौत से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना में सत्यम उर्फ रुद्र (14 वर्ष), हर्षिता कुमारी (5 वर्ष) और गोलू कुमार (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर सहायता के बाद सभी घायलों को मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राकेश परासर ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को कटिहार रेफर कर दिया गया।
वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button