तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर हमला, बोले- बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार ने तोड़ी सभी सीमाएं एनडीए के विधायकों पर सरकारी जमीन कब्जाने, लूट, रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता गंभीर आरोप; प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मांगा जवाब

तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर हमला, बोले- बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार ने तोड़ी सभी सीमाएं
एनडीए के विधायकों पर सरकारी जमीन कब्जाने, लूट, रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता
गंभीर आरोप; प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मांगा जवाब

जे टी न्यूज़, पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों के कथित आपराधिक आचरण को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री का संरक्षण आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मिलता है, तो विधायकों और मंत्रियों का मनोबल बढ़ता है और वे आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी जमीन पर कब्जा, रंगदारी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने लगते हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और एनडीए के कुछ विधायक ही जनता का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार सभी सीमाएं पार कर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि एनडीए के जनप्रतिनिधियों पर लगाए जा रहे गंभीर आरोपों पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है?

दरभंगा में सरकारी और सार्वजनिक जमीन पर कब्जे का आरोप

तेजस्वी यादव ने भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर कथित अवैध कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने भी कब्जे से संबंधित तथ्यों की पुष्टि की है। इस मामले को लेकर उन्होंने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए सरकार से जवाब मांगा।

दरभंगा में सर्राफा कारोबारी से लूट का मामला उठाया

नेता प्रतिपक्ष ने दरभंगा में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर को गोली मारकर लगभग 62 किलोग्राम चांदी और नकदी लूटे जाने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में शामिल बताए जा रहे विशाल महासेठ का भाजपा के कुछ नेताओं से करीबी संबंध रहा है। तेजस्वी ने राज्य सरकार और भाजपा नेतृत्व पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

44 हजार जिंदा कारतूस बरामदगी का किया उल्लेख

तेजस्वी यादव ने बिहार में 44 हजार जिंदा कारतूस बरामद होने के मामले को भी उठाया। उन्होंने इस प्रकरण में चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार के नामों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इस कथित तस्करी गिरोह द्वारा बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद की तस्करी की गई है।

लोजपा(आर) विधायकों पर जमीन कब्जाने और हत्या के आरोपों का जिक्र

तेजस्वी यादव ने बेलसंड के एनडीए विधायक पर मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिलों में करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस के हवाले से कथित तौर पर 50 लोगों के गिरोह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गिरोह रंगदारी और गरीबों की जमीन कब्जाने का काम करता है।

उन्होंने रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के मामले में भी लोजपा(आर) के एक विधायक का नाम सामने आने का दावा किया। तेजस्वी ने मृत अधिकारी की पत्नी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि कमीशन नहीं देने के कारण उनके पति की हत्या कराई गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने भागलपुर में LJPR के एक विधायक पर दस राउंड फायरिंग कर जमीन कब्जाने का आरोप भी लगाया।

मंत्री पर कथित अभद्र व्यवहार और लेन-देन का मामला उठाया

तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के एक मंत्री से जुड़ी दिल्ली के पांच सितारा होटल की कथित घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मामले को दबाने के लिए लेन-देन किए जाने के आरोपों को NDA सरकार के राजनीतिक चरित्र से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने NDA नेतृत्व से इन मामलों पर जवाब देने और आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button