छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिक जलस्तर वाले घाटों के उपयोग पर रोक के निर्देश
एसडीओ राकेश कुमार ने किया घाटों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं से कृत्रिम एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य देने की अपील
छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिक जलस्तर वाले घाटों के उपयोग पर रोक के निर्देश
एसडीओ राकेश कुमार ने किया घाटों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं से कृत्रिम एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य देने की अपील

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने अधिक जलस्तर वाले छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक पानी वाले घाटों पर डूबने एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए ऐसे घाटों के उपयोग पर रोक सुनिश्चित की जाए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा नदी एवं अन्य जलाशयों के अधिक गहरे और खतरनाक घाटों पर जाने से बचें। उन्होंने लोगों से मानव निर्मित कृत्रिम एवं सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करने का आग्रह किया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार के खतरे का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा घाटों पर आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




