सुशासन दिवस पर दीप प्रज्वलित कर जीविका दीदियों ने दिया जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश
सुशासन दिवस पर दीप प्रज्वलित कर जीविका दीदियों ने दिया जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश

जे टी न्यूज, वीरपुर, सुपौल: सुशासन दिवस के अवसर पर संगम जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, हृदयनगर में जीविका दीदियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्ष पूनम आचार्य एवं सचिव रेखा देवी सहित उपस्थित दीदियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष पूनम आचार्य ने कहा कि सुशासन का अर्थ है समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ पहुंचाना। उन्होंने कहा कि जीविका समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, समिति की सचिव रेखा देवी ने कहा कि सुशासन दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी दीदियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जीविका दीदियों ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने विचार रखे। सभी ने मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, महिलाओं को आगे बढ़ाने तथा सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
दीप प्रज्वलन के माध्यम से कार्यक्रम में एकता, जागरूकता, सकारात्मक सोच और विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग एवं समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।


