कस्तूरबा विद्यालय में डीडीसी का औचक निरीक्षण,छात्राओं से लिया सुविधाओं का फीडबैक; अंग्रेजी शिक्षक की कमी आई सामने
छात्रावास से लेकर भोजन और कौशल विकास तक की व्यवस्था परखी, चहारदीवारी निर्माण व सुरक्षा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
कस्तूरबा विद्यालय में डीडीसी का औचक निरीक्षण,छात्राओं से लिया सुविधाओं का फीडबैक; अंग्रेजी शिक्षक की कमी आई सामने
छात्रावास से लेकर भोजन और कौशल विकास तक की व्यवस्था परखी, चहारदीवारी निर्माण व सुरक्षा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

जे टी न्यूज, सासाराम (रोहतास)एन बाबा: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय,सासाराम में मंगलवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी)रोहतास आकांक्षा आनंद की उपस्थिति में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान डीडीसी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने आवासीय व्यवस्था,भोजन की गुणवत्ता, पठन-पाठन,कंप्यूटर शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली। सहयोग शिविर के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और समय पर भोजन उपलब्ध कराने सहित अन्य सुविधाओं पर संतोष जाहिर किया। छात्राओं ने किसी प्रकार की विशेष समस्या की शिकायत नहीं की। वहीं,पढ़ाई की व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अंग्रेजी विषय के शिक्षक की अनुपलब्धता का मामला सामने आया। डीडीसी ने छात्राओं से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाकर उनके पठन कौशल का भी जायजा लिया। इसके साथ ही छात्राओं से कंप्यूटर संचालन और सिलाई-कटाई के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान कुछ छात्राओं ने अपने कौशल का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता भी दिखाई।

डीडीसी ने विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की दिशा में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। शिविर के बाद डीडीसी ने विद्यालय के छात्रावास,परिसर एवं शौचालय सहित विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चहारदीवारी निर्माण के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी,सासाराम को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही उपलब्ध राशि से चहारदीवारी के ऊपरी हिस्से में कंटीले तार लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा,ताकि छात्राओं की सुरक्षा और परिसर की निगरानी को बेहतर बनाया जा सके।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह,जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा)श्री रजनीश कुमार उपाध्याय,प्रखंड विकास पदाधिकारी, सासाराम तथा सहयोग शिविर के नोडल पदाधिकारी हिमांशु कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

